UP 2027 चुनाव से पहले ओवैसी-चंद्रशेखर की हुंकार, बोले- मौकापरस्ती का समय खत्म होगा

UP 2027 चुनाव से पहले ओवैसी-चंद्रशेखर की हुंकार, बोले- मौकापरस्ती का समय खत्म होगा
हाइलाइट्स
• ओवैसी-चंद्रशेखर की महारैली में 2027 चुनाव का बिगुल
• ओवैसी बोले- दलित का बेटा CM, अब्दुल का बेटा डिप्टी CM बनेगा
• सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। इसी बीच लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने संयुक्त महारैली की। 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली बड़ी साझा रैली थी। यहां से गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया।

'दलित का बेटा सीएम, अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम'

रैली स्थल पर लगे पोस्टर और होर्डिंग ने गठबंधन के राजनीतिक संदेश को साफ कर दिया। इन पर लिखा था, 'दलित का बेटा सीएम बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा।' इस नारे के जरिए मोर्चे ने दलित और मुस्लिम समुदाय को एक साथ लाने की अपनी मंशा जाहिर की।

गठबंधन की नजर उत्तर प्रदेश के करीब 21 प्रतिशत दलित और 19 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं पर है। ये दोनों वर्ग मिलकर राज्य की आबादी का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा हैं। मोर्चा इन्हें एक राजनीतिक मंच पर लाने की कोशिश कर रहा है।

ओवैसी ने मोदी, योगी और अखिलेश पर साधा निशाना

महारैली को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा हैं और उन्हें सीएम बनाने के लिए पूरी ताकत लगाई जाएगी।

ओवैसी ने रैली में जुटी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि यह भीड़ एक संदेश दे रही है कि अब इनका और मौकापरस्ती का समय खत्म होने वाला है।

बुलडोजर और गुंडागर्दी के बजाय संविधान और इंसाफ की बात

ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन राज्य को एक नया प्रदेश बनाएगा। उन्होंने कहा कि यहां बुलडोजर और गुंडागर्दी की जगह संविधान और इंसाफ का राज होगा।

संविधान निर्माण का उल्लेख करते हुए ओवैसी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को हिंदू राष्ट्र बनने से रोका और भाईचारे तथा न्याय का रास्ता दिखाया।

शौकत अली ने दलित-मुस्लिम एकता पर दिया जोर

रैली में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाज के दबे-कुचले वर्गों के पास बाबा साहेब का दिया हुआ संविधान सबसे बड़ी ताकत है।

शौकत अली ने दलित और मुस्लिम समुदायों के बीच एकता की बात करते हुए कहा कि दोनों समुदाय न पहले आपस में लड़े थे और न आगे लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों मिलकर अपने दलित भाई चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेंगे।