Sonia Gandhi के दावे पर Anna Hazare का पलटवार, बोले- कांग्रेस-BJP से मेरा कोई संबंध नहीं

Sonia Gandhi के दावे पर Anna Hazare का पलटवार, बोले- कांग्रेस-BJP से मेरा कोई संबंध नहीं
हाइलाइट्स
• सोनिया गांधी के दावे पर अन्ना हजारे ने दिया जवाब
• बोले- कांग्रेस और BJP से मेरा कोई संबंध नहीं
• आलोचना छोड़ देश और समाज की समस्याओं पर ध्यान देने की दी नसीहत

सोनिया गांधी की किताब में अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' आंदोलन को बीजेपी और आरएसएस का गुप्त समर्थन मिलने के दावे पर सामाजिक कार्यकर्ता ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अन्ना हजारे ने स्पष्ट कहा कि उनका न तो कांग्रेस से कोई संबंध है और न ही बीजेपी से। उनके मुताबिक, वह किसी राजनीतिक दल के बारे में नहीं सोचते, बल्कि समाज और देश के हित को प्राथमिकता देते हैं।

बुधवार को अहिल्यानगर में अन्ना हजारे ने सोनिया गांधी का नाम लिए बिना उनके दावे पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनके आंदोलन से RSS और BJP के भी कई लोग घर चले गए थे। उन्होंने राजनीतिक दलों के नजरिए से मुद्दों को देखने के बजाय देश की स्थिति और समाज की समस्याओं पर ध्यान देने की नसीहत दी।

अन्ना हजारे बोले- देश और समाज के बारे में सोचिए

अन्ना हजारे ने कहा कि संकुचित दृष्टिकोण से काम करना उचित नहीं है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश किस दिशा में जा रहा है और विशाल भारत की क्या स्थिति है, इस पर विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, कांग्रेस हो या बीजेपी, उनका किसी भी पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वह केवल समाज और देश के हित की बात करते हैं। अन्ना हजारे ने अकाल का जिक्र करते हुए कहा कि संबंधित लोगों के पास पैसों की कमी नहीं है, इसलिए ऐसे मुद्दों पर विचार कर समाज के लिए काम करना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी आलोचना करने के बजाय देश और समाज के सामने मौजूद समस्याओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

अपनी आने वाली किताब का भी किया जिक्र

अन्ना हजारे ने अपनी आगामी पुस्तक 'अण्णा हजारे ग्रामयोगी' का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे पढ़ने से सीख मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनके बारे में कोई क्या लिखता है, इसकी उन्हें चिंता नहीं है।

अपनी बात समझाने के लिए उन्होंने पेड़ का उदाहरण भी दिया। अन्ना हजारे ने कहा, 'जिस पेड़ पर फल लगते हैं, लोग उसी पेड़ पर पत्थर मारते हैं। जिस पेड़ पर फल ही नहीं होते, उस पर कोई पत्थर क्यों मारेगा?'

सोनिया गांधी की किताब में आंदोलन को लेकर क्या दावा?

कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) में अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' आंदोलन को लेकर दावा किया है।

किताब में कहा गया है कि 2012 में महाराष्ट्र के सामाजिक कार्यकर्ता बाबूराव 'अन्ना' हजारे इस आंदोलन का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे। इसमें यह भी दावा किया गया है कि आंदोलन को बीजेपी और आरएसएस ने गुप्त रूप से आयोजित किया था और समर्थन दिया था। पुस्तक के अनुसार, इसका मुख्य उद्देश्य संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार को सत्ता से हटाना था।

संस्मरण के एक अंश में कहा गया है कि राजधानी में हुए भ्रष्टाचार-विरोधी बड़े प्रदर्शनों ने सत्ताधारी गठबंधन को चौंका दिया था और प्रशासन को बचाव की मुद्रा में ला खड़ा किया था।

किताब में आंदोलन को लेकर लिखा गया है, "2012 में महाराष्ट्र के एक जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता बाबूराव 'अन्ना' (मराठी में 'पिता' या 'बड़े भाई') हजारे एक ऐसे आंदोलन के मुख्य चेहरा बनकर उभरे, जिसका नाम 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' था। बाद में इसमें शामिल रहे कुछ प्रमुख लोगों ने बताया कि इसे बीजेपी और आरएसएस ने गुप्त रूप से आयोजित किया था और इसे समर्थन दिया था।"