Punjab Election 2027: AAP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, 31 नामों पर लगी मुहर; अनमोल गगन मान का टिकट कटा

Punjab Election 2027: AAP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, 31 नामों पर लगी मुहर; अनमोल गगन मान का टिकट कटा
हाइलाइट्स
• AAP ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची।
• अनमोल गगन मान और गुरमीत सिंह का टिकट कटा।
• सरबजीत कौर मानुके को जगराओं से तीसरी बार मिला मौका।

पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। नई दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद 31 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। इस बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। पार्टी ने इस बार कुछ नए चेहरों को मौका दिया है, जबकि खरड़ से अनमोल गगन मान और लंबी से मंत्री गुरमीत सिंह का टिकट काट दिया गया है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर कहा कि सर्वे में आगे रहने वाले लोगों को टिकट दिया गया है। वहीं, जो उम्मीदवार सर्वे में खरे नहीं उतरे, उनके टिकट काटे गए हैं। दूसरी सूची के एलान के साथ ही पंजाब में आम आदमी पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।

पहली सूची में भगवंत मान समेत 40 उम्मीदवारों के नाम थे

आम आदमी पार्टी ने इससे पहले 31 अक्तूबर को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत 40 उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने का एलान किया गया था। हालांकि, पहली सूची में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा के साथ वित्तमंत्री हरपाल चीमा का नाम शामिल नहीं था।

पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी को तीन विधायकों के इस्तीफे का सामना भी करना पड़ा। विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद तीनों भाजपा में शामिल हो गए थे।

पहली सूची में इन उम्मीदवारों को मिला था टिकट

आम आदमी पार्टी की पहली सूची में बटाला से शैरी कलसी, अजनाला से कुलदीप धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और खेमकरण से सरवण सिंह धुन को उम्मीदवार बनाया गया था।

इसके अलावा नकोदर से इंदरजीत कौर मान, करतारपुर से बलकार सिंह, दसूहा से करमबीर सिंह घुमन और उड़मुड़ से जसवीर सिंह राजा गिल को टिकट दिया गया था।

होशियारपुर से ब्रह्मशंकर जिंपा, चब्बेवाल से इंशाक कुमार चब्बेवाल, गढ़शंकर से जयकिशन सिंह रोड़ी, बलाचौर से संतोष कटारिया, रूपनगर से दिनेश चड्ढा, मोहाली से कुलवंत सिंह और फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय को चुनाव मैदान में उतारा गया था।

लुधियाना और मालवा क्षेत्र में भी घोषित किए गए थे उम्मीदवार

अमलोह से गुरिंदर सिंह गैरी, समराला से जगतार सिंह दयालपुरा, लुधियाना ईस्ट से दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, आत्मनगर से कुलवंत सिंह संधू, लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी और लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा को टिकट मिला था। जेल में बंद संजीव अरोड़ा को भी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया था।

वहीं, लुधियाना नॉर्थ से चौधरी मदन लाल बग्गा, पायल से मनविंदर सिंह ग्यासपुरा, निहाल सिंह वाला से मनजीत सिंह बिलासपुर, बाघापुराना से अमृतपाल सिंह सुखानंद, मोगा से अमनदीप कौर अरोड़ा और धर्मकोट से दविंदर जीत सिंह लाड़ी को टिकट दिया गया था।

जलालाबाद से जगदीप गोल्डी कंबोज, फाजिल्का से नरिंदरपाल सिंह सवाना, मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़, कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवा, जैतो से अमोलक सिंह और तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर को उम्मीदवार बनाया गया था।

इसके अलावा सरदूलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनावली, भदौड़ से लाभ सिंह उगोके, महलकलां से कुलवंत सिंह पंडोरी, अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जनमाजरा और पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को टिकट दिया गया था।

सरबजीत कौर मानुके को तीसरी बार टिकट, हैट्रिक पर नजर

जगराओं विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने सरबजीत कौर मानुके पर एक बार फिर भरोसा जताया है। पार्टी ने उन्हें तीसरी बार चुनाव लड़ने का मौका दिया है। वह लगातार दो विधानसभा चुनाव जीत चुकी हैं। ऐसे में अब उनके सामने तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाने की चुनौती होगी।

मानुके को फिर से टिकट मिलने के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी देखी गई। लगातार दो जीत के बाद इस बार उनका चुनावी प्रदर्शन जगराओं में पार्टी की पकड़ को परखने के लिहाज से भी अहम होगा।

अब यह देखना होगा कि सरबजीत कौर मानुके अपनी पिछली दो जीत का सिलसिला बरकरार रख पाती हैं या जगराओं की चुनावी राजनीति में कोई नया समीकरण सामने आता है।

मनीष सिसोदिया ने उम्मीदवारों को दी बधाई

उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी होने के बाद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने सभी घोषित उम्मीदवारों को बधाई दी।