पहली बार भारत आए पेजेश्कियन से मोदी ने इन बातों पर की चर्चा

पहली बार भारत आए पेजेश्कियन से मोदी ने इन बातों पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात कर भारत-ईरान मैत्री, दीर्घकालिक सहयोग और क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों को आपसी संबंधों को दीर्घकालिक और दोनों पक्षों के लिए लाभकारी रणनीति के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।

पहली भारत यात्रा पर पेजेश्कियन

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर शुक्रवार को कहा कि बिश्केक से दिल्ली तक सार्थक चर्चाओं का सिलसिला जारी है। उन्होंने राष्ट्रपति पेजेश्कियन से मुलाकात पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनकी यह यात्रा विशेष है, क्योंकि यह ईरानी राष्ट्रपति की भारत की पहली यात्रा है। दोनों नेताओं ने भारत और ईरान की मित्रता को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।

राष्ट्रीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने पर जोर

राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने BRICS सदस्य देशों के बीच व्यापार में राष्ट्रीय मुद्राओं के उपयोग का विस्तार करने को महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसके साथ मुद्रा जोखिम प्रबंधन और पारस्परिक भुगतान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करना जरूरी है। उनके अनुसार, सीमित मुद्राओं पर केंद्रित मौजूदा वित्तीय व्यवस्था राजनीतिक झटकों के प्रति संवेदनशील है।

शांति और निवेश सहयोग पर भी चर्चा

पेजेश्कियन ने सदस्य देशों में बुनियादी ढांचे और ऊर्जा परियोजनाओं के वित्तपोषण में न्यू डेवलपमेंट बैंक की बड़ी भूमिका की वकालत की। उन्होंने स्थानीय मुद्राओं में वित्तपोषण और निजी निवेश आकर्षित करने के लिए गारंटी व्यवस्था पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि क्षेत्रीय स्थिति पर भी चर्चा हुई और भारत स्थायी शांति की दिशा में अपने संकल्प पर दृढ़ है।