- ईवा पुस्ज़िन्स्का ने सिनेमा को संवाद का प्रभावी माध्यम बताया
- 57वें इफ्फी की उद्घाटन फिल्म है पोलिश फिल्म 'फादरलैंड'
- 1949 के विभाजित यूरोप और पहचान के सवालों पर आधारित है कहानी
- ब्लैक एंड व्हाइट शैली में 4:3 आस्पेक्ट रेशियो में बनी फिल्म
- भारत में शरण लेने वाले पोलिश बच्चों की कहानी में दिखाई रुचि
|
IFFI 2026 Fatherland Film: सिनेमा भले ही रातोंरात दुनिया को न बदल सके, लेकिन यह लोगों की सोच को व्यापक बनाने, संवाद को बढ़ावा देने और उन्हें अपने आसपास की दुनिया पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रेरित कर सकता है। यह कहना है प्रख्यात पोलिश फिल्म निर्माता ईवा पुस्ज़िन्स्का का। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) की उद्घाटन फिल्म 'फादरलैंड' की निर्माता पुस्ज़िन्स्का ने कहा कि फिल्में लोगों को अलग-अलग दृष्टिकोण समझने और एक-दूसरे के करीब आने का अवसर देती हैं।
इफ्फी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि फिल्मकारों को अपनी फिल्मों के माध्यम से लोगों से संवाद करना चाहिए। दर्शकों को जीवन के विभिन्न पहलुओं और दुनिया को देखने के अलग-अलग नजरियों से परिचित कराना सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समकालीन समाज में बढ़ते मतभेदों पर चिंता जताते हुए कहा कि आज लोग एक-दूसरे की बात सुनने के बजाय अपने ही विचारों और नैरेटिव पर अड़े रहते हैं। किसी एक एजेंडे या विचार को पूरी तरह सही नहीं माना जा सकता। समाज में बातचीत और आपसी सहमति के साझा आधार तलाशने की जरूरत है।
पहचान और मातृभूमि के सवाल उठाती है 'फादरलैंड'
अपनी फिल्म 'फादरलैंड' के बारे में बताते हुए पुस्ज़िन्स्का ने कहा कि यह कई परतों वाली कहानी है। वर्ष 1949 में विभाजित यूरोप की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म पूर्व और पश्चिम के बीच की खाई के साथ उन सामाजिक विभाजनों को भी सामने लाती है, जो आज तक अलग-अलग रूपों में मौजूद हैं।
फिल्म पहचान, अपनेपन और मातृभूमि से व्यक्ति के जटिल रिश्ते पर सवाल उठाती है। खासकर ऐसे समय में जब दुनिया में पलायन बढ़ रहा है, यह सवाल महत्वपूर्ण हो जाता है कि किसी व्यक्ति की मातृभूमि आखिर कहां है। क्या वह देश, जहां वह रहता है, वह भाषा जो वह बोलता है, वह स्थान जहां से उसका इतिहास जुड़ा है या वह देश जहां वह फिलहाल रह रहा है? निर्माता के मुताबिक, फिल्म इन्हीं सवालों के जरिए दर्शकों को अपनी पहचान और जड़ों पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है।
थॉमस मान के परिवार की कहानी भी शामिल
प्रसिद्ध जर्मन लेखक थॉमस मान और उनके परिवार की कहानी के माध्यम से फिल्म संस्कृति, समाज और पारिवारिक रिश्तों के बीच के संबंधों को भी दिखाती है। पुस्ज़िन्स्का ने कहा कि साहित्य और सांस्कृतिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां समाज के लिए प्रेरणा और आदर्श का स्रोत बन सकती हैं।
फिल्म में माता-पिता और बच्चों, भाई-बहनों तथा कलाकारों के बीच के जटिल संबंधों को भी जगह दी गई है। इसमें उन दबावों को भी दिखाया गया है, जिनका सामना प्रसिद्ध कलाकारों के बच्चों को करना पड़ता है। उनसे अक्सर अपने माता-पिता जैसी उपलब्धियां हासिल करने की अपेक्षा की जाती है। फिल्म यह भी रेखांकित करती है कि इतिहास की बड़ी घटनाएं किस तरह आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित करती हैं।
ब्लैक एंड व्हाइट शैली में फिल्म की शूटिंग
फिल्म के दृश्यात्मक पक्ष पर बात करते हुए निर्माता ने बताया कि 'फादरलैंड' को ब्लैक एंड व्हाइट शैली में 4:3 आस्पेक्ट रेशियो में फिल्माया गया है। इसके लिए निर्देशक पावेल पावलिकोव्स्की के साथ उनकी पिछली फिल्मों 'इडा' और 'कोल्ड वॉर' में अपनाई गई दृश्यात्मक शैली को आगे बढ़ाया गया है। इसका उद्देश्य कहानी के समय और परिवेश को अधिक वास्तविक रूप में प्रस्तुत करना था। उन्होंने 'फादरलैंड' को इस त्रयी की तीसरी फिल्म के रूप में भी देखने की बात कही।
यह फिल्म पोलैंड, जर्मनी, इटली और फ्रांस का अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण है। कहानी जर्मनी की पृष्ठभूमि पर आधारित है, लेकिन इसकी लगभग 95 प्रतिशत शूटिंग पोलैंड में हुई। फिल्म की रचनात्मक और तकनीकी टीम में भी मुख्य रूप से पोलैंड के पेशेवर शामिल थे। वहां उपलब्ध पुरानी सड़कें, इमारतें और छोटे कस्बे वर्ष 1949 के जर्मनी का परिवेश रचने में उपयोगी साबित हुए।
भारत-पोलैंड के साझा इतिहास पर फिल्म की संभावना
पुस्ज़िन्स्का ने भारत और पोलैंड के साझा इतिहास पर फिल्म बनाने की संभावना में भी रुचि दिखाई। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत में शरण लेने वाले पोलिश बच्चों की कहानी का विशेष उल्लेख किया। इफ्फी के महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि गोवारिकर इस विषय पर पहले ही एक स्क्रिप्ट लिख चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दिशा में बातचीत आगे बढ़ेगी और परियोजना को साकार करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।