मां की अर्थी को कंधा देते ही छलके योगी के आंसू, रातभर पार्थिव देह के पास बैठे रहे

मां की अर्थी को कंधा देते ही छलके योगी के आंसू, रातभर पार्थिव देह के पास बैठे रहे
  • बहन शशि पयाल के मुताबिक, रातभर मां के पास मौन बैठे रहे योगी
  • मां की अर्थी को कंधा देते ही छलक पड़े मुख्यमंत्री के आंसू
  • सात मई को पंचूर में हुई थी मां से योगी की आखिरी मुलाकात
  • छोटे भाई महेंद्र बिष्ट ने नमामि गंगे घाट पर दी मुखाग्नि
  • सीएम पुष्कर सिंह धामी और यूपी के दोनों डिप्टी सीएम रहे मौजूद

Yogi Adityanath Mother Savitri Devi Death: देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहचान एक कठोर प्रशासक, अनुशासित संन्यासी और दृढ़ फैसले लेने वाले नेता की है। बड़े से बड़े राजनीतिक संकट में भी उनके चेहरे पर भावनाओं का उतार-चढ़ाव शायद ही कभी दिखाई देता है। लेकिन मां सावित्री देवी के बिछड़ने का दुख उनके भीतर छिपे उस बेटे को सामने ले आया, जिसकी दुनिया कभी मां के आंचल से शुरू होती थी। उत्तराखंड के पंचूर गांव में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक का दृश्य मां-बेटे के इसी भावनात्मक रिश्ते को बयां कर रहा था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां की पार्थिव देह के पास रातभर बैठे रहे। बहन शशि पयाल के मुताबिक, इस दौरान योगी मौन रहे और उन्होंने चाय तक नहीं पी। मां के जाने का दुख उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। सत्ता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद मां के सामने एक बेटे की भावनाएं कितनी सरल और निश्छल होती हैं, इसकी तस्वीर पंचूर में देखने को मिली।

संन्यास के बाद भी मां के लिए बेटे ही रहे योगी

पंचूर के अजय सिंह बिष्ट से योगी आदित्यनाथ बनने तक का सफर उन्हें गोरखपुर से लखनऊ और फिर देश की राजनीति के केंद्र तक ले गया। वर्ष 1994 में संन्यास लेने के बाद उन्होंने घर-परिवार से अलग रास्ता चुन लिया था। इसके बावजूद मां सावित्री देवी के साथ उनका भावनात्मक रिश्ता बना रहा। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी सावित्री देवी का जीवन गांव और परिवार के बीच ही सिमटा रहा।

बेटे की व्यस्तताओं और सार्वजनिक जीवन की सीमाओं के बावजूद मां-बेटे का जुड़ाव कायम रहा। बीती सात मई को पंचूर की यात्रा के दौरान योगी की मां से आखिरी मुलाकात हुई थी। शनिवार को अंतिम विदाई के समय मुख्यमंत्री ने स्वयं मां की अर्थी को कंधा दिया। पंचूर की गलियों से गुजरती अर्थी के साथ उनके कदम आगे बढ़ रहे थे, लेकिन मन मां के आंचल में बिताए बचपन की यादों में ठहरा नजर आया।

अर्थी को कंधा देते ही छलक पड़े आंसू

मां की अर्थी को कंधा देते ही योगी आदित्यनाथ की आंखों से आंसू छलक पड़े। कुछ देर पहले तक अपनी भावनाओं को संभालकर रखने वाले मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए। वह बार-बार गमछे से आंसू पोंछते रहे। मां को अंतिम विदाई देते समय एक संन्यासी और मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि मां से बिछड़ता एक बेटा दिखाई दे रहा था।

योगी ने सोशल मीडिया पर मां को याद करते हुए लिखा, "मां की छांव जैसी कोई छांव नहीं, मां के आंचल जैसा कोई आसरा नहीं। मां की ममता जैसा कोई सुरक्षा कवच नहीं और मां के प्यार जैसा कोई प्यार नहीं।"

नमामि गंगे घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

शनिवार सुबह 8:50 बजे सावित्री देवी की शवयात्रा उत्तराखंड के पंचूर गांव से हरिद्वार के लिए रवाना हुई। करीब 11 बजे शवयात्रा हरिद्वार के चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हुई। योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई महेंद्र बिष्ट ने मां को मुखाग्नि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक जगत की हस्तियों ने नम आंखों से सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत सावित्री देवी को पुष्पांजलि अर्पित की और योगी आदित्यनाथ तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

संतों और राजनीतिक हस्तियों ने दी सांत्वना

अंतिम संस्कार में संत समाज की कई प्रमुख हस्तियां भी पहुंचीं। स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, श्रीमहंत रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद सरस्वती और आचार्य प्रमोद कृष्णम ने योगी आदित्यनाथ तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। राजनीतिक जगत की भी कई हस्तियां मौजूद रहीं। उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

मां के निधन पर योगी आदित्यनाथ का यह भावुक रूप उस रिश्ते की गहराई दिखा गया, जिसमें पद, प्रतिष्ठा और सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं से परे एक बेटा हमेशा अपनी मां के लिए बेटा ही रहता है।