रामायण फिल्म पर भड़की विहिप, सेंसर प्रमाणपत्र रद्द कर प्रदर्शन रोकने की मांग

रामायण फिल्म पर भड़की विहिप, सेंसर प्रमाणपत्र रद्द कर प्रदर्शन रोकने की मांग
  • विहिप ने रामायण फिल्म के कथानक और चरित्र चित्रण पर जताया आक्रोश
  • बजरंग बागड़ा बोले, राम भक्तों की श्रद्धा से किया गया खिलवाड़
  • अहिल्या उद्धार और निषादराज-केवट प्रसंग नहीं दिखाने का आरोप
  • रावण को शोषितों का उद्धारक बताने पर विहिप ने उठाए सवाल
  • फिल्म का सेंसर प्रमाणपत्र रद्द कर प्रदर्शन रोकने की मांग

VHP Ramayana Movie Controversy:  नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने फिल्म में रामकथा के कथानक, घटनाओं और पात्रों के चित्रण पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन का आरोप है कि फिल्म में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित रामायण के अनेक प्रसंगों को विकृत किया गया है और मनगढ़ंत घटनाएं शामिल की गई हैं। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण चरित्रों को फिल्म में स्थान नहीं दिया गया है। विहिप ने फिल्म का सेंसर प्रमाणपत्र रद्द करने और उसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

विहिप के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि फिल्म के जरिए एक अरब से अधिक हिंदू रामभक्तों की श्रद्धा से खिलवाड़ किया जा रहा है। उनके अनुसार, फिल्म के माध्यम से एक राजनीतिक विमर्श स्थापित करने का प्रयास भी किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर भगवान श्रीराम और उनके परिवार के चरित्रों को हल्केपन से दिखाया गया है, वहीं दूसरी ओर राक्षसराज रावण का महिमामंडन करने की कोशिश की गई है।

अहिल्या उद्धार, निषादराज और केवट के प्रसंग गायब करने पर सवाल

बजरंग बागड़ा ने कहा कि अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान श्रीराम के सार्वभौमिक चरित्र के अभिन्न अंग हैं। विहिप का आरोप है कि फिल्म में इन महत्वपूर्ण प्रसंगों का उल्लेख तक नहीं किया गया है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भगवान राम ने ऋषि-मुनियों की साधना, यज्ञ और गुरुकुलों में बाधा पहुंचाने वाले राक्षसों के उन्मूलन का व्यापक अभियान चलाया था। विहिप के मुताबिक, फिल्म में इस संघर्ष को पत्नी के अपहरण के प्रतिशोध के रूप में दिखाने का प्रयास किया गया है। संगठन ने इसे रामकथा के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ बताया है।

रावण के महिमामंडन को लेकर भी जताई आपत्ति

विहिप महामंत्री ने रावण के चरित्र चित्रण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ज्ञान, भक्ति और शक्ति की पराकाष्ठा तक पहुंचने के बावजूद अहंकार के कारण रावण ने सृष्टि के प्राणियों को आतंकित और उत्पीड़ित किया। प्रत्येक रामकथा में उसे दुराचारी और अहंकारी बताया गया है।

बागड़ा के अनुसार, फिल्म में रावण को शोषितों के उद्धारक के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है, जो एक राजनीतिक विमर्श गढ़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि युगों से स्थापित रामकथा और भगवान श्रीराम के प्रति करोड़ों हिंदुओं की गहरी श्रद्धा है। फिल्म के ऐसे चित्रण से हिंदू जनमानस की भावनाएं आहत हुई हैं।

विहिप ने सेंसर प्रमाणपत्र रद्द करने की मांग की

बजरंग बागड़ा ने कहा कि रामकथा व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और राजनीतिक जीवन में मर्यादाओं की स्थापना करती है। इससे छेड़छाड़ करना समाज में स्थापित नैतिक मूल्यों की नींव पर प्रहार करने जैसा है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले ऐसे प्रयास स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

विश्व हिंदू परिषद ने मांग की है कि फिल्म को दिया गया सेंसर प्रमाणपत्र निरस्त किया जाए और उसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जाए।

नितीश भारद्वाज ने भी फिल्म के चित्रण पर उठाए सवाल

फिल्म को लेकर इससे पहले अभिनेता नितीश भारद्वाज की आलोचना भी सामने आई है। बीआर चोपड़ा के धारावाहिक 'महाभारत' में भगवान कृष्ण की भूमिका निभाने वाले भारद्वाज ने फिल्म में आध्यात्मिक गहराई कम किए जाने और भगवान राम को भावहीन दिखाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रावण के चित्रण को भी रामायण के मूल्यों के विपरीत बताया।

भारद्वाज ने फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी से सवाल किया कि यदि रावण को इतना उदार और श्रेष्ठ राजा दिखाया गया है, तो भगवान विष्णु को उसका वध करने के लिए अवतार लेने की आवश्यकता क्यों पड़ी? उन्होंने धार्मिक इतिहास के चित्रण में रचनात्मक स्वतंत्रता की सीमा को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

वहीं, फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा का कहना है कि फिल्म में रामायण के विभिन्न संस्करणों से सामग्री ली गई है, ताकि इस महाकाव्य को नए दर्शकों तक पहुंचाया जा सके। फिल्म के भव्य दृश्यांकन और तकनीकी स्तर की सराहना भी हुई है, लेकिन रामकथा के मूल प्रसंगों और धार्मिक चरित्रों के चित्रण को लेकर बहस जारी है।