- युजवेंद्र चहल को भाजपा ओबीसी मोर्चा में मिली जिम्मेदारी
- राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए
- एक्स पोस्ट कर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का जताया आभार
- ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने की नियुक्ति की पुष्टि
- हाल ही में टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने
|
Yuzvendra Chahal BJP::भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। इस जिम्मेदारी के लिए चहल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर भाजपा परिवार में स्थान और मान-सम्मान देने के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया।
चहल ने अपने पोस्ट में लिखा, "भाजपा परिवार में मुझे स्थान व मान-सम्मान देने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी व ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमरपाल मौर्य जी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूं।"
ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी में मिली जगह
भाजपा ने शनिवार, 21 नवंबर को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों और विशेष आमंत्रित सदस्यों की नियुक्तियां की गई हैं। इसी सूची में युजवेंद्र चहल का नाम भी शामिल है। उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने चहल की नियुक्ति की पुष्टि करते हुए बताया कि उनसे बातचीत के बाद यह जिम्मेदारी दी गई है। चहल का नाम दिल्ली के तहत दर्ज किया गया है। उनके साथ निर्भया मामले में पीड़ित पक्ष की वकील रहीं सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
क्रिकेट के मैदान पर भी हाल में बनाया रिकॉर्ड
युजवेंद्र चहल भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख लेग स्पिनरों में रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल में अपनी गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले चहल हाल में टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने हैं।
उन्होंने 18 नवंबर को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। इस मुकाबले में चहल ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके साथ ही उनके टी20 क्रिकेट में कुल विकेटों की संख्या 402 हो गई।
क्रिकेट के साथ अब भाजपा के संगठन में मिली इस नई जिम्मेदारी के कारण चहल चर्चा में हैं। हालांकि, उनकी घोषित भूमिका ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य की है।