Neem Karoli Baba TV Show: ‘हनुमान अंश’ के बाद नीम करोली बाबा पर सोनी टीवी का नया शो, टीजर आउट

Neem Karoli Baba TV Show: ‘हनुमान अंश’ के बाद नीम करोली बाबा पर सोनी टीवी का नया शो, टीजर आउट
Highlights
• ‘हनुमान अंश’ के बाद नीम करोली बाबा पर नया शो
• सोनी टीवी ने जारी किया शो का पहला टीजर
• कैंची धाम के संस्थापक महाराज जी की जीवन गाथा होगी केंद्र में
• स्टीव जॉब्स से विराट-अनुष्का तक, कैंची धाम से जुड़ी आस्था

Neem Karori Baba TV Show: फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बॉक्स ऑफिस पर करीब 400 करोड़ के कलेक्शन के बाद भक्ति और अध्यात्म से जुड़ी कहानियों की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। इसी बीच सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने कलयुग के महान संत और भगवान हनुमान के परम भक्त नीम करोली बाबा पर आधारित नए सीरियल का ऐलान किया है। यह शो सोनी टीवी के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘सोनी लिव’ पर भी आएगा।

शो का पहला आधिकारिक टीजर यूट्यूब पर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में ‘कमिंग सून’ के साथ शो की पहली झलक दिखाई गई है।

प्री-प्रोडक्शन और कास्टिंग का काम जारी

टीजर रिलीज होने के बाद अब दर्शकों के बीच शो की शुरुआत को लेकर उत्सुकता है। टीवी9 हिंदी डिजिटल को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, चैनल और प्रोडक्शन हाउस इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, शो का प्री-प्रोडक्शन और कास्टिंग प्रोसेस चल रहा है। अगर योजना के मुताबिक काम आगे बढ़ता है, तो शो इसी महीने के अंत तक या अगले महीने की शुरुआत में ऑन-एयर किया जा सकता है। मुख्य किरदारों की कास्टिंग और फाइनल लॉन्च डेट की आधिकारिक घोषणा भी जल्द किए जाने की बात कही गई है।

‘मेरे साईं’ के बाद संत की जीवन गाथा पर नया शो

सोनी टीवी पर भक्ति और संतों की जीवन गाथा पर आधारित शो पहले भी दर्शकों के बीच जगह बना चुके हैं। चैनल पर प्रसारित ‘मेरे साईं – श्रद्धा और सबूरी’ धारावाहिक साईं बाबा की कहानी पर आधारित था।

यह शो दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहा और लंबे समय तक टीआरपी में मजबूत प्रदर्शन करता रहा। बाद में नई कास्ट के साथ साईं बाबा की कहानी का नया अध्याय भी पेश किया गया, लेकिन वह पहले जैसा प्रभाव नहीं दोहरा सका।

अब सोनी टीवी ने नीम करोली बाबा के जीवन को केंद्र में रखते हुए नया शो लाने का फैसला किया है।

कैंची धाम के संस्थापक महाराज जी पर आधारित होगी कहानी

नया शो उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध कैंची धाम के संस्थापक महाराज जी यानी नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है। उन्हें उनके करोड़ों श्रद्धालु भगवान हनुमान का साक्षात रूप मानते हैं।

नीम करोली बाबा के चमत्कारों, सादगी और आध्यात्मिक प्रभाव को लेकर भारत के साथ दुनिया के कई हिस्सों में भी चर्चा रही है।

स्टीव जॉब्स से विराट-अनुष्का तक, कैंची धाम से जुड़ी आस्था

नीम करोली बाबा के कैंची धाम आश्रम का जिक्र दुनिया की कई चर्चित हस्तियों के संदर्भ में भी किया जाता है। एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, हॉलीवुड स्टार जूलिया रॉबर्ट्स और भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली-अनुष्का शर्मा तक बाबा के कैंची धाम आश्रम में सिर झुका चुके हैं।

अब नीम करोली बाबा की जीवन गाथा को टीवी शो के जरिए दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है। टीजर सामने आने के बाद शो की कास्ट और लॉन्च डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।