दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्पति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर रीपोस्ट किए गए एक पत्र को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर जारी बयान में कहा, ‘हमने टिप्पणी और उसके बाद जवाब में अमेरिकी दूतावास द्वारा जारी बयान देखा है। टिप्पणी स्वाभाविक तौर पर अनभिज्ञ, अनुचित और अभद्र है। वह निश्चित तौर पर भारत-अमेरिका संबंधों की वास्तविकता बयान नहीं करती जो दीर्घकाल से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित है।’
इससे पहले भी नियमित संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता से इस बारे में सवाल किया गया था लेकिन तब उन्होंने कहा था कि ‘हमने ऐसी कुछ रिपोर्ट्स देखी हैं लेकिन मैं उसे वहीं छोड़ता हूं।’ बाद में उन्होंने इस पर विस्तृत प्रतिक्रिया व्यक्त की।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने रेडियो प्रस्तोता माइकल सेवेज का लिखा एक पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर रीपोस्ट किया जिसमें भारत और चीन को नर्क helhole बताया गया। अमेरिकी नागरिकता को लेकर लिखे गए पत्र में एक स्थान पर कहा गया, ‘यहां पैदा होने वाला बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है और वो अपना पूरा परिवार भारत, चीन या ग्रह पर मौजूद किसी दूसरे नर्क से यहां लेकर आते हैं।’
काँग्रेस ने ट्रंप के इस पोस्ट को लेकर फ़ौरन सरकार पर हमला बोल दिया और इस मुद्दे को लेकर अमेरिका से बात करने को कहा।
काँग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने सोशल मीडिया पर लिया, ‘ ट्रम्प ने भारत को नर्क बताया । इस व्यक्ति को यह पता नहीं कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था तकनीक विकास आई टी डॉक्टर्स इंजीनियर हर जगह भारतीयों का ज़बरदस्त योगदान है इसने अपनी सरकार में बड़े सरकारी पद भारतीयों को उनकी योग्यता की वजह से दिए हैं । यह भारतीयों का अपमान है। हमारी सरकार को कड़ा विरोध दर्ज कराना चाहिए। चुप नहीं रहना चाहिए।’