Seva Sankalp Yatra: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकसित बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे कार्यकर्ता गांवों तक पहुंचाएं।
बुधवार को वाराणसी में रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के समापन पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री ने इतिहास रचा है। उन्होंने देश को निराशा के माहौल से निकालकर युवाओं में आशा और उम्मीद जगाने का काम किया।
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तीन तलाक की प्रथा पर रोक, भारत को विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनाने, चार करोड़ से अधिक लोगों को आवास देने और नक्सलवाद खत्म करने जैसे कार्य हुए। उत्तर पूर्व के राज्यों तक आसान पहुंच सुनिश्चित हुई और उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ा। उन्होंने विपक्ष पर अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता इसका कड़ा जवाब देगी। युवा 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 वर्ष पहले गुजरात की सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री ने प्रदेश को विकास की नई दिशा दी। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या राम मंदिर और मां विंध्यवासिनी धाम के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव आया है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण मार्ग के बावजूद कार्यकर्ताओं का संकल्प अटूट रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 20 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी करके वडनगर से काशी पहुंचे करीब 500 सेवा यात्रियों का संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में माथे पर तिलक, पटका और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। सभी को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रॉडक्ट का गिफ्ट बैग दिया गया। बाद में ये यात्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे जहां वड़नगर से लाए जल से बाबा का अभिषेक किया गया।