चित्तौड़गढ़ में आज भी जिंदा है मीरा का प्रेम, 500 साल पुरानी कृष्ण भक्ति की अमर गाथा

चित्तौड़गढ़ में आज भी जिंदा है मीरा का प्रेम, 500 साल पुरानी कृष्ण भक्ति की अमर गाथा

चित्तौड़गढ़ दुर्ग का नाम आते ही शक्ति, संघर्ष और बलिदान की तस्वीर सामने आती है, लेकिन इस ऐतिहासिक दुर्ग की पहचान भक्ति और प्रेम की एक अमर कहानी से भी जुड़ी है। दुर्ग में स्थित मीरा मंदिर भक्त शिरोमणि मीरा बाई की कृष्ण भक्ति की उस गाथा को आज भी जीवंत करता है, जिसने उन्हें भक्ति की पर्याय बना दिया।

मीरा बाई जयंती के अवसर पर चित्तौड़गढ़ के इस मंदिर और उनके जीवन से जुड़ी कृष्ण भक्ति को याद करना इतिहास और आस्था के अनूठे संगम को सामने लाता है।

बचपन में ही कृष्ण को अपना जीवनसाथी माना

मीरा बाई का जन्म मेड़ता के पास स्थित छोटे से गांव कुड़की में हुआ था। मान्यता के अनुसार, बचपन में एक विवाह समारोह देखने के बाद मीरा ने अपनी मां से पूछा था कि उनका पति कौन होगा। उनकी मां ने सहज भाव से कहा कि उनका पति कृष्ण कन्हैया होगा।

मां की यह बात मीरा के मन में इतनी गहराई से बैठ गई कि उन्होंने कृष्ण को ही अपना आराध्य और जीवनसाथी मान लिया। बाद में उनका विवाह मेवाड़ के महाराणा सांगा के पुत्र भोजराज से हुआ।

विवाह के बाद दास-दासियां, सेवक और चाकर भी उनके साथ ससुराल आए, लेकिन मेवाड़ पहुंचने के बाद भी मीरा का मन सांसारिक जीवन में नहीं रमा। उनकी भक्ति लगातार कृष्ण के प्रति ही बनी रही।

भोजराज की मृत्यु के बाद और गहरी हुई भक्ति

भोजराज के निधन के बाद भी मीरा की कृष्ण भक्ति में कोई बदलाव नहीं आया। वह अपने आराध्य गिरधर गोपाल की भक्ति में लगातार लीन रहीं।

मीरा की इसी भक्ति को देखते हुए महाराणा सांगा ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर कुंभ श्याम मंदिर का निर्माण करवाया, ताकि मीरा वहां अपने आराध्य कृष्ण की पूजा-अर्चना और भक्ति कर सकें। इस मंदिर के साथ मीरा की कृष्ण भक्ति की गहरी कड़ी जुड़ गई और यह उनकी आध्यात्मिक यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया।

विक्रमादित्य ने किया विरोध, प्रताड़ना के भी मिलते हैं उल्लेख

महाराणा सांगा के निधन के बाद उनके पुत्र विक्रमादित्य मेवाड़ की गद्दी पर बैठे। मीरा की भक्ति और उनके धार्मिक आचरण को विक्रमादित्य उचित नहीं मानते थे।

परंपरागत कथाओं में उल्लेख मिलता है कि मीरा को कई तरह से प्रताड़ित किया गया और उन्हें नुकसान पहुंचाने के प्रयास भी किए गए। कहा जाता है कि उन्हें समाप्त करने के लिए कई षड्यंत्र किए गए, लेकिन वे सफल नहीं हुए।

इन परिस्थितियों के बीच भी मीरा की अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा कायम रही। अंततः उन्होंने मेवाड़ छोड़ दिया और चार धाम की यात्रा पर चली गईं।

द्वारका में कृष्ण की प्रतिमा में समा जाने की मान्यता

मीरा की यात्रा आगे चलकर द्वारका पहुंची। वहां वह द्वारकाधीश की आराधना में लीन रहने लगीं। मान्यता के अनुसार, मेवाड़ के कुछ सैनिक उन्हें वापस लाने के लिए द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे।

जब मीरा अपने आराध्य को नमन करने मंदिर के गर्भगृह में गईं तो काफी समय गुजरने के बाद भी वह बाहर नहीं आईं। धार्मिक मान्यता है कि मीरा अपने आराध्य द्वारकाधीश की प्रतिमा में ही समा गईं।

इस घटना को उनकी भक्ति की पराकाष्ठा के रूप में देखा जाता है।

चित्तौड़गढ़ की धरती पर शक्ति और भक्ति का संगम

चित्तौड़गढ़ दुर्ग का इतिहास मीरा की भक्ति तक सीमित नहीं है। यहां मेवाड़ के महाराणाओं ने कई युद्ध लड़े और लंबे संघर्षों के बावजूद किसी की अधीनता स्वीकार नहीं की।

दुर्ग की क्षत्राणियों और सर्व समाज ने मेवाड़ की आन-बान और शान की रक्षा के लिए तीन बार जौहर किया। इसी वजह से चित्तौड़गढ़ दुर्ग की पहचान शक्ति, साहस और बलिदान की धरती के रूप में भी बनी।

इसी वीरता और बलिदान की पृष्ठभूमि में मीरा बाई की कृष्ण भक्ति ने इस दुर्ग को भक्ति से भी जोड़ दिया। मीरा ने गिरधर गोपाल को अपने जीवन का आधार माना और सामाजिक लोक-लाज की परवाह किए बिना अपने आराध्य के प्रति समर्पित रहीं।

मीरा की भक्ति देती है समर्पण का संदेश

मीरा की जीवन गाथा धार्मिक आस्था में भक्ति की पराकाष्ठा का प्रतीक मानी जाती है। उनकी कथा यह संदेश देती है कि आराध्य के प्रति श्रद्धा और समर्पण जब चरम पर पहुंचता है तो भक्त सांसारिक बंधनों से ऊपर उठ जाता है।

द्वारका से जुड़ी मीरा की घटना ने मेवाड़ ही नहीं, देशभर के श्रद्धालुओं को भक्ति और समर्पण का संदेश दिया। यही वजह है कि आज भी मीरा बाई भक्ति की पर्याय बनी हुई हैं। उनके प्रिय भजन लोगों के कंठ से सुनाई देते हैं और चित्तौड़गढ़ का मीरा मंदिर उनकी स्मृति और कृष्ण भक्ति को जीवंत रखता है।

पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है मीरा मंदिर

चित्तौड़गढ़ दुर्ग आने वाले पर्यटकों के लिए मीरा मंदिर भी विशेष आकर्षण का केंद्र है। मंदिर पहुंचने वाले पर्यटक मीरा की कृष्ण भक्ति से जुड़ी गाथा सुनकर अभिभूत हो जाते हैं।

यह स्थान केवल ऐतिहासिक महत्व से नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिक समर्पण की कहानी से भी जुड़ा है।

एक लंबे अंतराल के बाद मंदिर में स्थापित गिरधर गोपाल की प्रतिमा लुप्त हो गई थी। इसके चलते मीरा मंदिर लंबे समय तक बिना मूर्ति के रहा। बाद में भामाशाह ने मीरा और उनके आराध्य गिरधर गोपाल की प्रतिमाएं मंदिर में स्थापित कराईं।

इसके बाद से यह मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। चित्तौड़गढ़ दुर्ग जहां वीरता, संघर्ष और बलिदान की पहचान कायम रखता है, वहीं मीरा मंदिर उसी धरती पर प्रेम और कृष्ण भक्ति की अमर गाथा को जीवंत बनाए हुए है।