हाइलाइट :
• SIR के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नागरिक मार्च
• इंडिया गेट से जंतर-मंतर की ओर बढ़ा मार्च, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
• कई AAP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
• सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया
SIR प्रक्रिया के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में नागरिक मार्च निकाला जा रहा है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के नेतृत्व में शुरू हुआ यह मार्च इंडिया गेट से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहा है। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक की खबर भी सामने आई है।
मार्च में आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता और अलग-अलग छात्र संगठनों के सदस्य शामिल हैं। इसी बीच इंडिया गेट की तरफ मार्च कर रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जंतर-मंतर के आसपास पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
नागरिक मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। जनपथ मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाए गए हैं और आवाजाही रोकी गई है।
वहां से गुजरने वाले लोगों पर पुलिसकर्मी नजर रख रहे हैं। मौके पर पुलिस की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है।
फिरोज शाह रोड पर RAF और दिल्ली पुलिस की तैनाती
फिरोज शाह रोड पर भी आरएएफ और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस मार्च में शामिल लोगों की आवाजाही पर नजर रख रही है।
आयोजकों के अनुसार, यह मार्च SIR प्रक्रिया के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला जा रहा है।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की। इंडिया गेट की ओर मार्च कर रहे AAP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'वे मुझे उठाकर इधर-उधर ऐसे फेंक रहे हैं, जैसे मैं कोई फुटबॉल हूं। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है, फिर भी वे अपने ही एसीपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कर रहे और न ही एसीपी को गिरफ्तार कर रहे हैं।'
मार्च के दौरान पुलिस की निगरानी बढ़ी
इंडिया गेट से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे मार्च को देखते हुए पुलिस ने आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग की है। सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने के साथ मार्च में शामिल लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।