INDIA सांसदों के प्रदर्शन में हंगामा, सड़क पर लेटीं प्रियंका गांधी; पुलिस पर लगाया गिराने का आरोप

INDIA सांसदों के प्रदर्शन में हंगामा, सड़क पर लेटीं प्रियंका गांधी; पुलिस पर लगाया गिराने का आरोप
हाइलाइट्स
• प्रियंका गांधी सड़क पर लेटीं, पुलिस पर गिराने का आरोप
• राहुल गांधी समेत INDIA सांसद हिरासत में लिए गए
• कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस वाहन के पहिए किए पंचर
• पप्पू यादव ने प्रियंका गांधी को पीटे जाने का आरोप लगाया


चुनाव आयोग की कार्यशैली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में INDIA गठबंधन का प्रदर्शन जारी है। बुधवार शाम जंतर-मंतर जाते समय पुलिस द्वारा INDIA गठबंधन के सांसदों को हिरासत में लिए जाने के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सड़क पर लेटी नजर आईं। प्रियंका गांधी ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें गिरा दिया और कई जगह खरोंचा भी गया।

सड़क पर लेटे हुए प्रियंका गांधी ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो सांसद सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं, उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने सांसदों के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिराया।

प्रियंका गांधी बोलीं- अब यहां से नहीं हटेंगे

प्रियंका गांधी ने कहा, “ये हमारे साथ इस तरह से व्यवहार कर रहे हैं. जो सांसद सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं, उनके साथ ये ऐसा बर्ताव करते हैं. हमारे साथ ऐसा ही बर्ताव किया जाता है. वे सांसदों को पीट रहे हैं. पुलिस वालों ने मुझे जगह-जगह खरोंच दिया है. उन्होंने हमें जमीन पर गिरा दिया. अब हम यहां से नहीं हटेंगे. वे अपनी फोर्स को वापस बुला लें, तब भी मैं यहां से नहीं हिलूंगी. अब हम यहां से हिलने वाले नहीं हैं.”

प्रदर्शन के दौरान यह भी कहा जा रहा था कि अस्वस्थ होने के कारण प्रियंका गांधी सड़क पर लेट गई थीं। हालांकि बाद में पुलिस ने उन्हें वहां से जबरन उठाया और बस में बैठाकर दूसरी जगह ले गई।

राहुल गांधी भी हिरासत में, गाड़ी के चारों पहिए किए पंचर

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी कुछ देर बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस उन्हें टेंपो ट्रैवलर में बैठाकर दूसरी जगह ले जा रही थी।

इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गाड़ी की हवा निकाल दी और चारों पहियों को पंचर कर दिया। कार्यकर्ताओं ने गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। इसके बाद पुलिस राहुल गांधी को बाराखंभा पुलिस स्टेशन लेकर गई।

प्रियंका गांधी और राहुल गांधी, दोनों वरिष्ठ नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर अलग जगह ले जाया। इस दौरान मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

24 घंटे में दूसरी बार हिरासत में लिए गए दोनों नेता

कांग्रेस के दोनों वरिष्ठ नेताओं को पिछले 24 घंटे के अंदर दूसरी बार हिरासत में लिया गया है। राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के कई अन्य सांसदों को भी हिरासत में लेने के बाद पुलिस जंतर-मंतर के पास से दूसरी जगह ले जा रही थी।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। मौके पर ‘नहीं चलेगी, नहीं चलेगी, मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे लगाए गए।

केरल हाउस से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे वी. डी. सतीसन

इस बीच केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन भी केरल हाउस से जंतर-मंतर के पास उस जगह तक मार्च कर रहे थे, जहां INDIA ब्लॉक के कई सांसदों को रोक दिया गया था।

इससे पहले मंगलवार को विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन के सांसदों के चुनाव आयोग के मुख्यालय तक प्रदर्शन के कारण लुटियंस दिल्ली में जाम की स्थिति रही थी। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए इलाके की कई सड़कों को बंद किया और कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया था।

पप्पू यादव ने प्रियंका गांधी के साथ दुर्व्यवहार का लगाया आरोप

प्रियंका गांधी के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, “प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों की जान को खतरा है. ये बात मैं शुरू से कह रहा हूं. दिल्ली पुलिस, पीएम मोदी और अमित शाह डर रहे हैं. पहले तो उन्होंने असम, बंगाल और बिहार के लोकतंत्र की हत्या की. आम जनता के अधिकार छीने, उसके बाद ममता बनर्जी को पिटवाया गया, एक-एक बंगाल के वोटर को पीटा गया. बिहार में और उत्तर प्रदेश में पिटवाया गया.”

उन्होंने आगे कहा, “जो अब लोकतंत्र और गरीबों के अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं, राहुल गांधी जो एकमात्र आवाज हैं, उन्हें जान से मारने की साजिश रची जा रही है. आज प्रियंका गांधी को पीटा गया. प्रियंका गांधी को तब पीटा गया जब वह अपने कार्यकर्ताओं और सांसदों को बचा रही थीं.”