- 17 साल बाद लाक्विला का ऐतिहासिक थिएटर फिर खुला
- मेलोनी ने 'ला त्रावियाता' के पहले शो में हिस्सा लिया
- 2009 के विनाशकारी भूकंप से क्षतिग्रस्त हुआ था थिएटर
- पुनर्निर्माण के लिए 1.3 अरब यूरो अतिरिक्त दिए
- मेलोनी बोलीं- लाक्विला अब नई शुरुआत का केंद्र बन रहा
|
Giorgia Meloni on Teatro Nazzareno De Angelis: इटली के प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने 2009 के विनाशकारी भूकंप के 17 साल बाद लाक्विला शहर के ऐतिहासिक थिएटर के दोबारा खुलने पर खुशी और गर्व जताया है। मेलोनी ने शुक्रवार, 20 नवंबर को थिएटर में आयोजित प्रसिद्ध ओपेरा 'ला त्रावियाता' के पहले शो में हिस्सा लिया। इस मौके को भावुक बताते हुए उन्होंने कहा कि शहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े इस थिएटर का फिर से गुलजार होना बेहद खास है। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पुनर्निर्माण कार्य में जुटे लोगों का आभार जताया और बताया कि उनकी सरकार ने लाक्विला तथा आसपास के क्षेत्र में पुनर्निर्माण के लिए 1.3 अरब यूरो से अधिक की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई है।
17 साल बाद लौटी सांस्कृतिक रौनक
लाक्विला का ऐतिहासिक म्युनिसिपल थिएटर 'नाज्जारेनो डी एंजेलिस' 6 अप्रैल 2009 को आए विनाशकारी भूकंप में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से यह थिएटर बंद था। लंबे समय तक चले मरम्मत, संरचनात्मक मजबूती और पुनर्निर्माण के कार्यों के बाद इसे दोबारा शहर के लोगों के लिए खोला गया है।
17 नवंबर को थिएटर का औपचारिक उद्घाटन किया गया था। इसके बाद 20 नवंबर को ग्यूसेप वर्डी के प्रसिद्ध ओपेरा 'ला त्रावियाता' का पहला आधिकारिक प्रदर्शन आयोजित हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी भी शामिल हुईं। इस थिएटर का दोबारा खुलना लाक्विला के सांस्कृतिक जीवन की वापसी के रूप में देखा जा रहा है।
1.3 अरब यूरो से अधिक अतिरिक्त धनराशि दी
मेलोनी ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनकी सरकार ने लाक्विला और उसके आसपास के क्षेत्र में पुनर्निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और पूरा करने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से अटके या इस्तेमाल नहीं हो पा रहे फंड को जारी कराया गया है। इसके अलावा पुनर्निर्माण के लिए 1.3 अरब यूरो से अधिक की अतिरिक्त धनराशि आवंटित की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि नई बजट व्यवस्था के तहत पुनर्निर्माण में सहायता देने वाले सभी उपायों की अवधि बढ़ाई गई है। मेलोनी के मुताबिक, अभी बहुत काम बाकी है, लेकिन सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है और अंतिम लक्ष्य हासिल करने के लिए जरूरी कदम उठाती रहेगी।
'लाक्विला अब पुनर्जन्म और भविष्य का केंद्र'
मेलोनी ने थिएटर के दोबारा खुलने को शहर के पुनर्जन्म और भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि लाक्विला आज नई शुरुआत, भविष्य और अवसरों का केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि शहर को फिर से जीवंत होते देखना गर्व की बात है। खासकर ऐसे ऐतिहासिक स्थानों का लोगों को वापस मिलना महत्वपूर्ण है, जो लंबे समय से उनकी पहचान और सामुदायिक जीवन का हिस्सा रहे हैं।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए वर्षों तक समर्पण और निरंतरता के साथ काम करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। मेलोनी के मुताबिक, पुनर्निर्माण केवल इमारतों को दोबारा खड़ा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान और नागरिक जीवन को भी वापस लाने का प्रयास है।