नौ महीने में लगीं HPV वैक्सीन की एक करोड़ डोज, यूपी सबसे आगे

नौ महीने में लगीं HPV वैक्सीन की एक करोड़ डोज, यूपी सबसे आगे
  • देश में नौ महीने से कम समय में लगीं HPV वैक्सीन की एक करोड़ डोज
  • सालाना लक्षित किशोरियों में करीब 87 प्रतिशत का हुआ टीकाकरण
  • उत्तर प्रदेश 29.33 लाख से अधिक डोज के साथ पहले स्थान पर
  • छह राज्यों ने अपनी लक्षित आबादी का 100 प्रतिशत कवरेज हासिल किया
  • 14 साल की लड़कियों को सरकारी केंद्रों पर मुफ्त मिल रही वैक्सीन

HPV Vaccination: भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान के तहत देश में नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं। इस अभियान के तहत सालाना लक्षित करीब 1.2 करोड़ किशोरियों में से लगभग 87 प्रतिशत का टीकाकरण हो चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2026 में इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के तहत 14 साल की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर अभिभावकों की सहमति से मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल डोज HPV वैक्सीन दी जा रही है।

इस उपलब्धि में उत्तर प्रदेश ने देश के सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। प्रदेश में अब तक 29.33 लाख से अधिक किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। इसके बाद बिहार 13.70 लाख और गुजरात 7.75 लाख से अधिक टीकाकरण के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए राज्यों, स्वास्थ्यकर्मियों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की है।

छह राज्यों ने हासिल किया 100 प्रतिशत कवरेज

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपनी निर्धारित लक्षित आबादी का 100 प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर लिया है। इसके अलावा असम में 95.63 प्रतिशत, तेलंगाना में 95.28 प्रतिशत, कर्नाटक में 93.16 प्रतिशत और उत्तराखंड में 90.17 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया गया है।

छत्तीसगढ़ में 86.21 प्रतिशत और राजस्थान में 85.23 प्रतिशत पात्र लड़कियों को टीका लगाया जा चुका है। वहीं केरल में 77.02 प्रतिशत, तमिलनाडु में 76.12 प्रतिशत, ओडिशा में 74.90 प्रतिशत और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव में 72.99 प्रतिशत कवरेज हासिल हुआ है।

मंत्रालय के अनुसार, अलग-अलग भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों वाले राज्यों में टीकाकरण की यह प्रगति केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय को दर्शाती है।

U-WIN प्लेटफॉर्म से हो रही निगरानी

अभियान को प्रभावी बनाने में डिजिटल स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म U-WIN की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके माध्यम से टीकाकरण की वास्तविक समय में निगरानी, लाभार्थियों का पंजीकरण और टीकाकरण का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। अभिभावक इस प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी बेटियों के लिए टीकाकरण स्लॉट बुक कर सकते हैं और डिजिटल प्रमाणपत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं।

इस प्लेटफॉर्म की मदद से जिला स्तर पर टीकाकरण की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में कवरेज कम है या जहां पात्र लड़कियां अभी टीका नहीं लगवा पाई हैं, उनकी पहचान कर आगे की रणनीति बनाई जा रही है।

अभियान को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, शिक्षकों, बाल रोग विशेषज्ञों, स्त्री रोग विशेषज्ञों और चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों की भी भूमिका रही है। अभिभावकों के बीच जागरूकता फैलाने और टीके को लेकर गलत धारणाओं को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी है HPV वैक्सीन

सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में शामिल है। ह्यूमन पैपिलोमावायरस यानी HPV के कुछ उच्च जोखिम वाले प्रकार इस कैंसर के प्रमुख कारण हैं। HPV संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण को प्रभावी निवारक उपायों में गिना जाता है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दुनियाभर में HPV वैक्सीन की 80 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं। करीब दो दशक के वैज्ञानिक शोध और वास्तविक अनुभवों से इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता के प्रमाण मिले हैं। 14 साल की उम्र में लड़कियों को टीका देने का उद्देश्य संभावित संक्रमण के संपर्क में आने से पहले सुरक्षा प्रदान करना है।

टीकाकरण के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम

सरकार ने टीकाकरण के दौरान लाभार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। सभी टीकाकरण सत्र निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में आयोजित किए जा रहे हैं। किसी दुर्लभ प्रतिकूल घटना की स्थिति में जांच और उपचार के लिए टीकाकरण केंद्रों को 24 घंटे उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ा गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने पात्र 14 वर्षीय लड़कियों के अभिभावकों से नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने या U-WIN प्लेटफॉर्म के माध्यम से टीकाकरण की जानकारी लेकर स्लॉट बुक करने की अपील की है। सरकार का लक्ष्य शेष पात्र लड़कियों तक पहुंचकर देशभर में इस अभियान का कवरेज बढ़ाना है।