जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ में शनिवार को भूकंप के लगातार चार झटके महसूस किए गए है। करीब 12 घंटे के दौरान हुई इस भूकंपीय गतिविधि की शुरुआत रात 2 बजकर 38 मिनट पर हुई और आखिरी झटका दोपहर 1 बजकर 9 मिनट पर आया। इस दौरान सबसे अधिक 3.8 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। लगातार धरती हिलने से इलाके में चिंता का माहौल रहा, हालांकि अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
बता दें कि चारों झटके जम्मू संभाग के डोडा-किश्तवाड़ क्षेत्र में दर्ज हुए। इनमें पहला भूकंप किश्तवाड़ जिले में आया, जबकि बाकी तीन झटके डोडा में महसूस किए गए। इनकी तीव्रता 2.7 से 3.8 के बीच रही।
रात में किश्तवाड़ से शुरू हुआ भूकंप का सिलसिला
शनिवार तड़के रात 2 बजकर 38 मिनट पर किश्तवाड़ जिले में 3.3 तीव्रता का पहला भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई जमीन से 15 किलोमीटर नीचे थी। इसके करीब छह घंटे बाद डोडा जिले में दूसरा झटका आया। सुबह 8 बजकर 31 मिनट पर दर्ज इस भूकंप की तीव्रता 2.7 थी और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे बताया गया।
17 मिनट के अंतराल पर डोडा में दो झटके
डोडा जिले में सुबह भूकंप की गतिविधि कुछ ही मिनटों के अंतराल पर दोबारा दर्ज की गई। सुबह 8 बजकर 31 मिनट पर आए झटके के ठीक 17 मिनट बाद, यानी 8 बजकर 48 मिनट पर फिर धरती हिली। इस बार भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई। शनिवार को दर्ज चारों झटकों में यह सबसे तेज था। इसकी गहराई जमीन से केवल पांच किलोमीटर नीचे थी। कम गहराई पर आने वाले भूकंप के झटके सतह पर अधिक महसूस हो सकते हैं।
दोपहर 1:09 बजे आया चौथा भूकंप
सुबह लगातार तीन झटके दर्ज होने के बाद दोपहर में भी भूकंप का सिलसिला नहीं थमा। दोपहर 1 बजकर 9 मिनट पर डोडा जिले में 2.9 तीव्रता का चौथा झटका दर्ज किया गया। इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। तो इस तरह रात से दोपहर तक डोडा और किश्तवाड़ में चार बार धरती कांपी। भूकंपीय गतिविधि मुख्य रूप से इसी क्षेत्र में दर्ज की गई। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
क्या लगातार भूकंप के झटके आने का मतलब बड़ा भूकंप है?
डोडा और किश्तवाड़ में कुछ ही घंटों के भीतर चार बार भूकंप आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ी है। हालांकि, कम तीव्रता के कई झटके दर्ज होने का यह मतलब नहीं है कि इसके बाद कोई बड़ा भूकंप जरूर आएगा।
इन घटनाओं के आधार पर भविष्य में भूकंप आने के समय या उसकी तीव्रता का अनुमान नहीं लगाया जा सकता। ऐसे में लोगों को किसी भी तरह की अफवाह से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी गई है। फिलहाल इन चारों झटकों के बाद जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।