दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम बनाने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 'युगे युगीन भारत' म्यूजियम के निर्माण को मंजूरी दे दी। इसे राजधानी के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में तैयार किया जाएगा। कुल 1,78,509 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस संग्रहालय पर 3,230 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इस परियोजना को वित्त वर्ष 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, अगले साल इसके एक हिस्से को आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। संग्रहालय में भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके डिस्प्ले एरिया का आकार दुनिया के दूसरे प्रमुख संग्रहालयों से बड़ा होगा।
पीएम मोदी ने 2023 में किया था म्यूजियम का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 मई 2023 को इस म्यूजियम को बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद संस्कृति मंत्रालय ने परियोजना की योजना तैयार की।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि युगे युगीन भारत म्यूजियम दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय होगा। इसे खाली हो चुके नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में बनाया जाएगा। संग्रहालय में एक लाख वर्ग मीटर से अधिक का डिस्प्ले एरिया होगा।
उन्होंने दुनिया के कुछ प्रमुख संग्रहालयों के डिस्प्ले एरिया का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, फ्रांस के लूव्र संग्रहालय में 73,000 वर्ग मीटर, ब्रिटिश म्यूजियम में 70,000 वर्ग मीटर और रूस के हर्मिटेज म्यूजियम में 66,800 वर्ग मीटर का डिस्प्ले एरिया है।
रोजाना करीब 30 हजार लोग कर सकेंगे म्यूजियम का दीदार
अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, संग्रहालय में ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि प्रतिदिन करीब 30,000 लोग इसे देख सकें। उन्होंने बताया कि म्यूजियम के पास ही मेट्रो स्टेशन बनाया जा रहा है। यहां आने वाले लोगों के लिए रकाबगंज गुरुद्वारा और कर्तव्य पथ की ओर से प्रवेश की व्यवस्था होगी।
म्यूजियम का निर्माण नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की वास्तुकला और विरासत को सुरक्षित रखते हुए किया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर भारत की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
2027 में खुल सकती है पहली गैलरी
युगे युगीन भारत म्यूजियम का निर्माण वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31 तक अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा। योजना के मुताबिक, नॉर्थ ब्लॉक में इसकी पहली गैलरी साल 2027 में आम लोगों के लिए खोले जाने की उम्मीद है। इस गैलरी की थीम 'अडॉर्नमेंट' होगी।
टिकट और दूसरी सुविधाओं से होगी म्यूजियम की कमाई
सरकारी बयान के मुताबिक, म्यूजियम की नियमित आमदनी के लिए कई व्यवस्थाएं प्रस्तावित हैं। इनमें टिकट बिक्री के अलावा फूड कोर्ट, कार्यक्रमों का आयोजन, किराया, गाइडेड टूर और दर्शकों को दी जाने वाली अन्य सुविधाओं की फीस शामिल हैं।
इसे एक राष्ट्रीय सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम लोगों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को लाभ पहुंचाना है। म्यूजियम में भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को एक बड़े स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।