Sandeep Singh Engagement: 100 बीघा में सजा पंडाल, संदीप सिंह की सगाई में सितारों और सियासत का संगम

Sandeep Singh Engagement: 100 बीघा में सजा पंडाल, संदीप सिंह की सगाई में सितारों और सियासत का संगम
हाइलाइट्स
• कल्याण सिंह के पोतों की सगाई में 80 हजार मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद।
• सीएम योगी ने समारोह में पहुंचकर दूल्हा-दुल्हन को दिया आशीर्वाद।
• 100 बीघा में भव्य आयोजन, कैलाश खेर देंगे प्रस्तुति।

उत्तर प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह की सगाई का समारोह अलीगढ़ में भव्य अंदाज में आयोजित किया गया। इसी कार्यक्रम में उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की रिंग सेरेमनी भी हुई। रामघाट रोड पर तालानगरी के पास करीब 100 बीघा क्षेत्र में आयोजन स्थल तैयार किया गया, जहां मेहमानों के स्वागत से लेकर खानपान और सुरक्षा तक के खास इंतजाम किए गए।

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे और उन्होंने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 80 हजार मेहमानों के आने की संभावना है। इस बड़े आयोजन के लिए चार मंच, वीआईपी लाउंज और सैकड़ों वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

80 हजार मेहमानों के लिए 657 कारों की पार्किंग

आयोजन स्थल को बड़े क्षेत्र में तैयार किया गया है। मेहमानों की सुविधा के लिए चार बड़े मंच बनाए गए हैं, जहां अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा विशेष वीआईपी लाउंज भी तैयार किए गए हैं।

आयोजकों के अनुसार, समारोह में लगभग 80 हजार मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने को देखते हुए 657 कारों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेहमानों के खानपान के लिए 50 से 60 प्रकार के व्यंजन तैयार किए जाएंगे।

सीएम योगी समेत कई बड़े नेता समारोह में पहुंचे

सगाई समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेरिटेज स्कूल ग्राउंड स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। उन्होंने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। उनके साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इसके अलावा अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा, मंत्री धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह, मन्नू कोरी, रजनी तिवारी और बेबी रानी मौर्य सहित कई प्रमुख नेता भी समारोह में पहुंचे।

कैलाश खेर की प्रस्तुति होगी खास आकर्षण

समारोह में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के दौरान दोनों भाई अपनी होने वाली जीवनसंगिनियों के साथ मंच पर मौजूद रहेंगे।

परिवार के अन्य सदस्य भी मंच पर नजर आएंगे। इनमें माता प्रेमलता वर्मा, पिता राजवीर सिंह 'राजू', बड़ी बहन पूर्णिमा सिंह, बहनोई प्रवीण राज सिंह और छोटी बहन श्वेता शामिल हैं।

सुरक्षा के लिए 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती

वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए समारोह स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा आयोजन स्थल के 150 मीटर के दायरे में आने वाले तीन स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज जादौन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पंडाल और हेलीपैड की तैयारियों का जायजा लिया।

कौन हैं मेघना चौधरी, जिनसे शादी करने जा रहे हैं संदीप सिंह?

संदीप सिंह की होने वाली जीवनसंगिनी मेघना चौधरी गाजियाबाद के लाजपत नगर में रहने वाले परिवार से हैं। उनके पिता का गाजियाबाद में जूतों का कारोबार है और उनका परिवार पिछले 15 साल से लाजपत नगर में रह रहा है।

संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहचान अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मेघना संदीप की जूनियर थीं। स्कूल के दिनों में शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई और अब दोनों शादी करने जा रहे हैं।