Rahul Gandhi in Hyderabad: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के फिर एक बड़े दावे से सियासत गरमा गई है। दरअसल राहुल गांधी ने भारत सम्मेलन 2026 के समापन सत्र में निर्वाचन आयोग और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठाए। हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जिन 14 करोड़ लोगों ने मतदान किया था, कुछ महीने बाद उन्हें ऐसे लोगों के तौर पर बताया गया, जिनका मतदाता के रूप में अस्तित्व ही नहीं था या जिन्होंने वोट नहीं दिया था। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए 70 लाख नए मतदाताओं के जुड़ने का भी दावा किया।
इस कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी भी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में 2014 के चुनाव, लोकतंत्र और फासीवादी सोच को लेकर भी अपनी बात रखी। इसके अलावा उन्होंने तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए शुरू की गई सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना का जिक्र किया।
14 करोड़ मतदाताओं को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल
राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिन 14 करोड़ लोगों ने उस चुनाव में मतदान किया था, कुछ महीने बाद उन्हें या तो ऐसा मतदाता बताया गया जिसका कोई अस्तित्व नहीं था या फिर ऐसा व्यक्ति बताया गया जिसने वोट ही नहीं दिया था।
उन्होंने सवाल उठाया, अगर निर्वाचन आयोग ने 14 करोड़ मतदाताओं को अवैध गैर-मतदाता घोषित कर दिया है, तो फिर वह चुनाव वैध कैसे हो सकता है?
महाराष्ट्र चुनाव में 70 लाख नए मतदाताओं का किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव हुआ, जिसमें उनके गठबंधन को जीत मिली। लेकिन इसके तीन महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में गठबंधन को बड़ी हार का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी के मुताबिक, जब दोनों चुनावों के आंकड़ों की पड़ताल की गई तो पता चला कि दोनों में उनके गठबंधन को बिल्कुल बराबर वोट मिले थे। उन्होंने दावा किया कि तीन महीने के भीतर 70 लाख नए मतदाता जुड़ गए और इन सभी ने भाजपा को वोट दिया। राहुल गांधी ने कहा कि इसके बाद भाजपा चुनाव जीत गई।
2014 के चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने 2014 के चुनाव को भारतीय राजनीति में बड़े बदलाव का समय बताया। उन्होंने कहा कि उस साल देश में एक बिल्कुल अलग तरह का चुनाव देखने को मिला, जैसा पहले कभी नहीं हुआ था। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक व्यवस्था में लाखों-करोड़ों डॉलर लगाए गए और चुनावी व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इस बदलाव से हैरान था।
उन्होंने आगे कहा कि एक दशक तक भारतीय राजनीति में यह संकट बना रहा। बाद में उन्हें पता चला कि क्या हो रहा था। राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने इसका पता लगाया और बिना किसी संदेह के साबित किया कि 2014 में भारत में लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया था।
फासीवादी लोगों की पहचान पर भी बोले राहुल गांधी
भारत सम्मेलन 2026 में राहुल गांधी ने फासीवादी लोगों की पहचान को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग कारोबार के शीर्ष पदों और शिक्षा जगत में भी मिलते हैं। उनके मुताबिक, राजनीति में ऐसे लोगों को फासीवादी कहा जाता है।
इसी के साथ राहुल गांधी ने कहा कि फासीवादी लोग अक्सर चिल्लाते हैं, शोर मचाते हैं और दूसरों की बात नहीं सुनते। इसके विपरीत ज्यादातर लोग दूसरों की बात सुनते हैं, ध्यान देते हैं और विनम्र रहते हैं।
उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसा देखा गया है कि जब व्यवस्थाएं टूटती हैं, तब फासीवादी लोग अचानक सामने आ जाते हैं। राहुल गांधी ने पिछले एक दशक के दौरान ऐसे लोगों के लगातार शोर मचाने और चिल्लाने की बात भी कही।
बता दें कि इस बीच, कार्यक्रम स्थल के बाहर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने भी भारत सम्मेलन की कड़ी आलोचना की।
तेलंगाना के गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा योजना का जिक्र
अपने संबोधन से पहले राहुल गांधी ने तेलंगाना सरकार की ओर से गिग वर्कर्स से किया गया वादा पूरा करने की बात कही। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के फायदे दिए हैं। इनमें दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य बीमा और पेंशन की सुविधा शामिल है। इसके साथ ही उन्हें अपने काम से जुड़े डेटा पर अधिकार भी दिया गया है।
इतना ही नहीं राहुल गांधी ने तेलंगाना गिग वर्कर्स सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना की शुरुआत भी की। उन्होंने एक्स पर बताया कि 2023 में उन्होंने तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ विस्तार से बैठक की थी। उस दौरान श्रमिकों ने अपनी समस्याएं, जरूरतें और मांगें उनके सामने रखी थीं। राहुल गांधी के मुताबिक, उस समय उनकी मांगें पूरी करने और सुरक्षा देने का भरोसा दिया गया था।
गिग वर्कर्स को मिलेंगे ये फायदे
राहुल गांधी ने योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी साझा की। उनके मुताबिक, गिग वर्कर्स को निम्नलिखित लाभ दिए जाएंगे:
-
पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा।
-
10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा।
-
कमाई का 1 फीसदी हिस्सा पेंशन के लिए।
-
अपने डेटा और कमाई पर अधिकार।
-
अलग-अलग जगहों पर वाई-फाई की सुविधा वाले आराम केंद्र।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'आज हमने अपना वह वादा पूरा कर दिया है।' उन्होंने कहा कि तेलंगाना में अब ये सभी सुविधाएं गिग वर्कर्स के कानूनी अधिकार बन गई हैं।