Jantar Mantar Protest: तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अफसरों पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, क्राइम ब्रांच करेगी जांच

Jantar Mantar Protest: तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अफसरों पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, क्राइम ब्रांच करेगी जांच
हाइलाइट :
• 3 महिला पत्रकारों ने पुलिस अफसरों पर आरोप लगाए
• शिकायतें क्राइम ब्रांच को भेजी गईं
• संसद मार्ग थाने के बाहर देर रात प्रदर्शन
• रविवार को इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च

Jantar Mantar Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शनिवार को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली इलाके के थाने को इनसे जुड़ी शिकायतें मिली हैं। निष्पक्ष जांच के लिए शिकायतों को क्राइम ब्रांच भेज दिया गया है।

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि 3 अक्टूबर को नई दिल्ली इलाके में विरोध-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की स्थिति के बीच तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। पुलिस को मिली शिकायतों को जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेजा गया है।

महिला पत्रकार से बदसलूकी के आरोप पर थाने के बाहर प्रदर्शन

शनिवार को मार्च की कवरेज कर रहे पत्रकारों और वैकल्पिक मीडिया से जुड़े कर्मचारियों को रोकने तथा एक महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी के आरोप को लेकर देर रात संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप था कि मार्च के दौरान कवरेज कर रहे पत्रकारों को पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया था। इसी दौरान एक महिला पत्रकार के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया।

इसके बाद पत्रकार और अन्य लोग देर रात संसद मार्ग थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच कराने और संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पत्रकारों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पत्रकारों को अपना काम करने से नहीं रोका जाना चाहिए। उन्होंने महिला पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।

वहीं, तीन महिला पत्रकारों की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ी शिकायतों को दिल्ली पुलिस ने क्राइम ब्रांच को भेज दिया है।

रविवार को इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक नागरिक मार्च

एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में रविवार को फिर इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक नागरिक मार्च निकाला जाएगा। इसका आयोजन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के नेतृत्व में किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, मार्च दोपहर तीन बजे इंडिया गेट से शुरू होकर जंतर-मंतर की ओर जाएगा। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा के अलावा कई सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र संगठन के सदस्य शामिल होंगे।

चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर चिंता

आयोजकों के मुताबिक, मार्च के जरिए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखी जाएंगी।

मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा सकती है।