हाइलाइट्स :
• हैदराबाद एयरपोर्ट पर दुबई से लौटते ही गिरफ्तार किया गया
• आरोपी बेटिंग संचालन, फंड कलेक्शन और संपत्ति खरीद में शामिल
• मामले में अब तक 100 आरोपियों के खिलाफ आठ चार्जशीट दाखिल
Mahadev Betting App Case Arrest: केंद्रीय जांच ब्यूरो CBI ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में वांछित आरोपी और कथित प्रमुख संचालकों में शामिल अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई CBI के अनुसार उसे दुबई से लौटने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर गिरफ्तार किया गया।
जांच में अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर सीबीआई CBI ने आरोप लगाया है कि अभिषेक कुमार महादेव बुक के तहत ऑनलाइन बेटिंग और जुआ संचालन में सक्रिय था। उस पर बेटिंग पैनल के समन्वय, धन संग्रह और कथित अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्तियां हासिल करने में भूमिका निभाने का भी आरोप है। गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
सीबीआई के अनुसार, बरामद सामग्री प्रथमदृष्टया महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में उसकी भूमिका की ओर इशारा करती है।जांच एजेंसी ने कहा कि अभिषेक कुमार कथित मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ करीबी तौर पर काम करता था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद उसे रायपुर अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया।
छत्तीसगढ़ सरकार ने अलग-अलग थानों में दर्ज महादेव ऐप से संबंधित 13 एफआईआर सीबीआई को सौंप दी थीं। सीबीआई अब तक मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ आठ आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। इनमें ऐप के कथित मुख्य प्रमोटर, पैनल संचालक, हवाला कारोबारी और छत्तीसगढ़ सरकार के कुछ लोकसेवक शामिल हैं।
सीबीआई ने बताया कि मुख्य प्रमोटरों को भारत लाने के प्रयास जारी हैं। अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे गए हैं, जबकि दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण प्रक्रिया चल रही है।