Microsoft Outage Fixed: माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बहाल, कंपनी ने बताई वैश्विक आउटेज की वजह

Microsoft Outage Fixed: माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बहाल, कंपनी ने बताई वैश्विक आउटेज की वजह
हाइलाइट्स
• माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवाएं हुईं बहाल।
• नेटवर्क क्षमता अपग्रेड के दौरान हुई थी तकनीकी गड़बड़ी।
• साइबर हमले की आशंका को कंपनी ने किया खारिज।

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई वैश्विक तकनीकी खराबी अब ठीक कर दी गई है। पिछले दो दिनों से जारी आउटेज के कारण आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट 365 और दूसरी सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी के आधिकारिक सर्विस हेल्थ पेज के मुताबिक, शनिवार सुबह तक प्रभावित सेवाएं बहाल हो चुकी थीं और सामान्य रूप से काम कर रही थीं। माइक्रोसॉफ्ट ने इस समस्या के लिए अपने ग्राहकों और बिजनेस पार्टनर्स से माफी भी मांगी है।

कंपनी ने साफ किया है कि इस आउटेज के पीछे किसी तरह का साइबर हमला, हैकिंग या एआई एजेंट की गतिविधि नहीं थी। माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के काम के दौरान हुई एक तकनीकी गड़बड़ी इसकी वजह बनी।

साइबर हमले की आशंका पर माइक्रोसॉफ्ट ने क्या कहा?

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर तकनीकी खराबी से प्रभावित ग्राहकों और बिजनेस पार्टनर्स से खेद जताया। कंपनी ने कहा कि इस समस्या के कारण उन्हें जो परेशानी हुई, उसके लिए वह शर्मिंदा और दुखी है। साथ ही, यूजर्स के भरोसे को गंभीरता से लेने की बात भी कही।

आउटेज के बाद साइबर हमले की आशंका को लेकर सवाल उठ रहे थे। हालांकि, कंपनी ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इस घटना का हैकिंग, साइबर गतिविधियों या एआई एजेंटों से कोई संबंध नहीं था। यह नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के दौरान सामने आई तकनीकी समस्या थी।

72 से अधिक देशों में प्रभावित हुईं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं

इस वैश्विक आउटेज का असर कई देशों और अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिला। दुनिया भर के 72 से अधिक देशों में यूजर्स को परेशानी हुई। डाउनडिटेक्टर पर इस दौरान एक लाख तीस हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं।

प्रभावित सेवाओं में आउटलुक ईमेल और एक्सचेंज ऑनलाइन शामिल थे। इनके ठप होने से डेस्कटॉप और वेब ऐप पर ईमेल इस्तेमाल करने में दिक्कत आई।

भारत में इंडिगो, एयर इंडिया और आकाशा एयर जैसी प्रमुख एयरलाइंस के कस्टमर सपोर्ट ईमेल सिस्टम पर भी असर पड़ा। इसके अलावा वित्तीय सेवाओं से जुड़ी कंपनियों को अपने क्लाइंट्स से बातचीत करने और जरूरी रिसर्च रिपोर्ट देखने में परेशानी हुई।

नेटवर्क क्षमता अपग्रेड के दौरान कैसे हुई गड़बड़ी?

माइक्रोसॉफ्ट के कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लामन्ना ने इस तकनीकी समस्या की वजह बताई। उनके अनुसार, नेटवर्क क्षमता को अपग्रेड करते समय हुई एक पुरानी चूक हालिया बदलावों के बाद सामने आ गई थी।

उन्होंने बताया कि समस्या को ठीक करने की प्रक्रिया में कैस्केडिंग फेलियर और थंडरिंग हर्ड जैसी तकनीकी चुनौतियां भी आईं। इनकी वजह से सेवाओं को बहाल करने में उम्मीद से ज्यादा समय लगा।

कंपनी ने भारी ट्रैफिक और दबाव को देखते हुए चरणबद्ध तरीके से रिकवरी की। हर स्तर पर सिस्टम की स्थिरता जांचने के बाद सेवाओं को पूरी तरह बहाल किया गया।

ईमेल बैकलॉग पर नजर रख रही है कंपनी

मुख्य सेवाएं बहाल होने के बाद भी माइक्रोसॉफ्ट की टीम पूरी प्रणाली की निगरानी कर रही है। कंपनी की आधिकारिक स्टेटस टीम के मुताबिक, आउटेज के दौरान बड़ी संख्या में ईमेल जमा हो गए थे। अब यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बैकलॉग में मौजूद लाखों ईमेल सुरक्षित तरीके से प्रोसेस हो जाएं।

कंपनी ने बताया कि एहतियात के तौर पर लंबे समय तक सिस्टम पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही, तकनीकी घटना का विस्तृत पोस्ट-मॉर्टम यानी विश्लेषण रिपोर्ट भी जल्द सार्वजनिक की जाएगी।

भविष्य में ऐसी परेशानी रोकने के लिए होंगे बदलाव

इस वैश्विक आउटेज के बाद माइक्रोसॉफ्ट अपने नेटवर्क आर्किटेक्चर और क्षमता अपग्रेड करने की प्रक्रिया की समीक्षा कर रही है। कंपनी भविष्य में ऐसी तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए अपने नेटवर्क आर्किटेक्चर और कैपेसिटी अपग्रेड प्रोटोकॉल में बदलाव करने की तैयारी कर रही है।

फिलहाल कंपनी का जोर बहाल हुई सेवाओं की स्थिरता बनाए रखने और बचे हुए ईमेल बैकलॉग को सुरक्षित तरीके से प्रोसेस करने पर है। तकनीकी घटना की विस्तृत रिपोर्ट सामने आने के बाद गड़बड़ी और उसे ठीक करने की प्रक्रिया से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी मिल सकेगी।