- रूपापुर में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान इकाई का करेंगे लोकार्पण
- नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के बनेंगे मुख्य अतिथि
- पुलिस लाइन से नमो घाट तक रोड शो में बदलेगा प्रधानमंत्री का काफिला
- करीब चार घंटे वाराणसी में रहेंगे प्रधानमंत्री
|
PM Modi Varanasi Visit Air Show: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उद्योग, विकास और सैन्य शौर्य के संगम के साक्षी बनेंगे। अपने करीब चार घंटे के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री रूपापुर में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद नमो घाट पर गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के जांबाजों का हवाई प्रदर्शन देखेंगे। ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।
रूपापुर में नई परिधान निर्माण इकाई का लोकार्पण
प्रधानमंत्री सुबह दिल्ली से वाराणसी के बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से सेना के हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद के लिए रवाना होंगे। रूपापुर चौराहे के पास खोचवां (भड़ेहरा) गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सात एकड़ क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की नई इकाई स्थापित की गई है। प्रधानमंत्री इसका लोकार्पण करेंगे।
कार्यक्रम को देखते हुए मिल के पास तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद करीब 500 मीटर की दूरी कार से तय कर कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हेलीकॉप्टरों के लिए खोचवां स्थित जनता इंटर कॉलेज मैदान में अलग हेलीपैड तैयार किया गया है। मिल तक जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है।
पुलिस लाइन से नमो घाट तक रोड शो
परिधान निर्माण इकाई का लोकार्पण करने के बाद प्रधानमंत्री सेना के हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से उनका काफिला सड़क मार्ग से नमो घाट के लिए रवाना होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पुलिस लाइन से पीलीकोठी तक काफिला सामान्य रूप से आगे बढ़ेगा, जबकि पीलीकोठी से नमो घाट तक यात्रा रोड शो का रूप लेगी।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर काशीवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने की उम्मीद है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मार्ग पर बैरिकेडिंग और अन्य इंतजाम किए गए हैं।
वायुसेना का देखेंगे आसमानी करतब
दोपहर करीब एक बजे प्रधानमंत्री नमो घाट पर वायुसेना दिवस-2026 के मौके पर आयोजित हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम के तहत आयोजित में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। करीब एक घंटे तक वह वायुसेना के जवानों के हवाई करतबों का अवलोकन करेंगे।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री तथा वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। गंगा के ऊपर आयोजित हवाई प्रदर्शन में भारतीय वायुसेना के कौशल और सामर्थ्य की झलक देखने को मिलेगी।
एयर शो के बाद भुवनेश्वर रवाना होंगे पीएम
नमो घाट पर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री का काफिला सड़क मार्ग से बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेगा। यहां से वह ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री के इस दौरे में औद्योगिक निवेश, स्थानीय रोजगार और भारतीय वायुसेना के पराक्रम से जुड़े दो प्रमुख कार्यक्रम शामिल हैं। काशी में प्रशासन की ओर से कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री के आवागमन को लेकर तैयारियां की गई हैं।