SIR और CEC के खिलाफ विपक्ष ने निकाला मार्च, राहुल, प्रियंका हिरासत से छूटे

SIR और CEC के खिलाफ विपक्ष ने निकाला मार्च, राहुल, प्रियंका हिरासत से छूटे
हाइलाइट्स:
• आकाशवाणी भवन में कई घंटे तक दिया धरना
• अखिलेश यादव को भी लिया गया था हिरासत में
• सांसदों को चुनाव आयोग जाने से रोका
• पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प
• एसआईआर के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने किया जोरदार प्रदर्शन

SIR Protest: विशेष गहन पुनरीक्षण SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने जमकर प्रदर्शन किया। मार्च के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। बाद में, इन सभी को छोड़ दिया गया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुवाई में विपक्षी नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को लेकर निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा । प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग की। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठा रहा है।

बैरिकेडिंग पर चढ़ गए राहुल

प्रदर्शन में कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के कई दलों के नेता और सांसद शामिल हुए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की। राहुल गांधी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और वहां तिरंगा लहराया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया। हिरासत के दौरान भी विपक्षी नेताओं ने अपना विरोध जारी रखा। बाद में पुलिस ने सभी नेताओं को रिहा कर दिया। 

विपक्ष बोला, विरोध जारी रहेगा

रिहाई के बाद विपक्षी नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े सवालों का जवाब मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा। गठबंधन ने निर्वाचन आयोग से चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाई जा रही आपत्तियों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान राजधानी में राजनीतिक हलचल तेज रही। राहुल-प्रियंका की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर सरकार, विपक्ष और निर्वाचन आयोग के बीच जारी टकराव को और तीखा कर दिया।

पुलिस ने  सैंकड़ों सांसदों को रोका

विपक्ष के मार्च के कारण राजधानी का पारा दिनभर चढ़ा रहा। राहुल गांधी के नेतृत्व में सैंकड़ों सांसद आकाशवाणी पर जाकर बैठ गए और चुनाव आयुक्तों से मिलने की जिद पर अड़े रहे। विपक्ष ने आरोप लगाया कि उनको पुलिस फोर्स निर्वाचन आयोग नहीं जाने दे रही है।  

राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर आरोप लगाया कि विपक्ष के करीब 300 सांसदों को पुलिस ने रोक दिया है।

राहुल गांधी ने कहा कि आकाशवाणी भवन परिसर में सांसदों को रोक दिया गया, जबकि निर्वाचन आयोग का कार्यालय कुछ ही दूरी पर है। उन्होंने कहा कि यदि देश के प्रतिनिधि ही चुनाव आयोग से अपनी बात नहीं कह सकते तो लोकतंत्र का क्या अर्थ रह जाता है।

विपक्ष का यह मार्च एसआईआर को लेकर जारी राजनीतिक टकराव के बीच हुआ। विपक्षी दल निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। मंगलवार के प्रदर्शन के दौरान कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने से यह विवाद और तेज हो गया ।
आकाशवाणी भवन खाली कराया गया, संसद मार्ग से बैरिकेडिंग हटाकर खोले गए रास्ते  - India TV Hindi