UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी समाजवादी पार्टी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है। पार्टी ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम दिया है। इसके साथ ‘सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ का नारा भी जोड़ा गया है। घोषणा पत्र में महिलाओं, युवाओं और पीडीए को खास जगह देने की तैयारी है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पार्टी के घोषणापत्र का मुख्य फोकस महिला, युवा और पीडीए होंगे। पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार हो रहे इस दस्तावेज के जरिए पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा को अपने अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाएगी।
रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय पर रह सकता है जोर
समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित घोषणा पत्र में पीडीए से जुड़े महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से संबंधित वादे शामिल किए जाएंगे। पार्टी की योजना केवल प्रदेश स्तर पर घोषणा पत्र जारी करने तक सीमित नहीं है। इसके बाद अलग-अलग मंडलों और जिलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय घोषणापत्र भी लाने की तैयारी है।
चुनाव से काफी पहले घोषणा पत्र जारी करने के पीछे पार्टी का उद्देश्य अपने मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त समय हासिल करना है। हालांकि, विस्तृत योजनाओं और वादों की जानकारी 26 नवंबर को होने वाले लॉन्च के दौरान ही सामने आएगी।
घोषणा पत्र लॉन्च के बाद निकलेगा संविधान मार्च
26 नवंबर को समाजवादी पार्टी अपने कार्यालय में पीडीए घोषणा पत्र लॉन्च करेगी। इस कार्यक्रम के बाद संविधान मार्च का आयोजन किया जाएगा। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे।
मार्च की शुरुआत नेहरू भवन स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद मार्च एनेक्सी होते हुए हजरतगंज पहुंचेगा और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ इसका समापन होगा।
कई वरिष्ठ नेता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
संविधान मार्च में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के संयोजक और सांसद तनुज पुनिया ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इसमें प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
इस तरह 26 नवंबर को समाजवादी पार्टी के लिए दो अहम कार्यक्रम होंगे। पहले ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ जारी किया जाएगा और उसके बाद संविधान मार्च का आयोजन होगा।