Swara Bhasker Statement: 'पद्मावत' के जौहर सीन पर ट्रोल होते ही बदल गए स्वरा भास्कर के सुर, दिया एक और बयान

Swara Bhasker Statement: 'पद्मावत' के जौहर सीन पर ट्रोल होते ही बदल गए स्वरा भास्कर के सुर, दिया एक और बयान

 Swara Bhasker Viral Video: स्वरा भास्कर इन दिनों संजय लीला भंसाली की 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'पद्मावत' के जौहर सीन को लेकर दिए अपने बयान पर चर्चा में हैं। उनके बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया। कई लोगों ने उनकी टिप्पणी को रानी पद्मावती और उन महिलाओं का अपमान बताया, जिन्होंने अपनी इज्जत की रक्षा के लिए जौहर किया था।

अब स्वरा भास्कर ने इस पूरे विवाद पर सफाई दी है। अभिनेत्री का कहना है कि उनके बयान का सही मतलब सामने नहीं आया और उसे गलत तरीके से ट्रांसलेट किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने रानी पद्मावती को 'कायर' नहीं कहा था।

स्वरा भास्कर ने वीडियो शेयर कर दी सफाई

स्वरा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए अपने बयान को लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि वायरल हो रहा उनका एक वीडियो क्लिप गलत तरीके से ट्रांसलेट किया गया है।

स्वरा ने कहा- 'सोशल मीडिया पर मेरा एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसे गलत तरीके से ट्रांसलेट किया गया है। मैंने कभी नहीं कहा कि रानी पद्मावती और कोई भी सती कायर थीं। ये शर्मनाक है। मुझ पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। अगर आप मुझे गाली देना चाहते हैं तो दीजिए, लेकिन असल बयान के आधार पर दीजिए। रेप के बाद भी महिलाओं को जीने का हक है।'

'मैंने रानी पद्मावती को कायर नहीं कहा'

अपने बयान को लेकर स्वरा ने बताया कि एक कार्यक्रम में उनसे संजय लीला भंसाली को लिखे गए अपने ओपन लेटर के बारे में पूछा गया था। इसके जवाब में उन्होंने उस बात का जिक्र किया, जिसको लेकर उन्हें आपत्ति थी।

उन्होंने कहा- 'इवेंट में मुझसे पूछा गया था कि संजय लीला भंसाली सर को मैने जो ओपन लेटर लिखा था, वो क्या था? तो जवाब में मैंने वो बात बताई जिसे लेकर मुझे दिक्कत थी। अब मेरे बयान का गलत अनुवाद हो रहा है। मैंने ये नहीं कहा कि रानी पद्मावती और बाकी औरतों ने जो जौहर किया वो कायर हैं। मैंने ये बताया कि फिल्म का क्लाइमैक्स देखते समय मेरे मन में क्या विचार आया था। क्लाइमैक्स देखते समय मेरे मन में यही विचार आया था कि भगवान न करे कि मैं कभी रेप का शिकार होती। मुझे ऐसा महसूस होता कि मैं कायर हूं कि मैंने खुद को खत्म नहीं किया।'

समाज और सिनेमा से स्वरा ने पूछे सवाल

स्वरा ने अपनी बात रखते हुए समाज और सिनेमा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि 'क्या हमें ऐसी फिल्म बनानी चाहिए जिससे हमें ये मैसेज मिलता है कि एक महिला की शारीरिक पवित्रता उसकी जिंदगी से ज्यादा मूल्यवान है? क्या रेप सर्वाइवर्स को ये संदेश देना चाहिए कि उसे मर जाना चाहिए था, उसकी जिंदगी बच गई है तो वो बुरी बात है।'

उन्होंने अपनी बात इस अपील के साथ खत्म की कि कभी महिलाओं की जीने की इच्छा को कम नहीं समझना चाहिए।

31 अगस्त को कार्यक्रम में हुई थी टिप्पणी

यह विवाद 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुए 'महिला, जीवन स्वतंत्रता' कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। कार्यक्रम में स्वरा ने 'पद्मावत' के जौहर सीन पर बात की थी और फिल्म में दिखाए गए इस दृश्य को परेशान करने वाला बताया था। इसी दौरान उनकी कुछ टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हुआ और वह ट्रोल्स के निशाने पर आ गईं।

2018 में रिलीज हुई 'पद्मावत' में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती की भूमिका निभाई थी। शाहिद कपूर ने महाराजा रतन सिंह और रणवीर सिंह ने सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया था।