UP Transfer List: यूपी में 38 अधिकारियों के तबादले, अनुज सिंह बने LDA उपाध्यक्ष; प्रथमेश कुमार को सीतापुर की कमान

UP Transfer List: यूपी में 38 अधिकारियों के तबादले, अनुज सिंह बने LDA उपाध्यक्ष; प्रथमेश कुमार को सीतापुर की कमान
हाइलाइट्स
• यूपी में 38 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव।
• अनुज सिंह बने LDA के नए उपाध्यक्ष।
• प्रथमेश कुमार को सीतापुर का DM बनाया गया।

UP News: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए प्रदेश सरकार ने 38 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इस सूची में जिलाधिकारियों से लेकर नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी और विशेष सचिव स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, अब तक इस पद पर तैनात प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

सीतापुर के मौजूदा जिलाधिकारी राजागणपति आर को सूडा का निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा कई जिलों में डीएम और सीडीओ की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

लखनऊ, वाराणसी और गाजियाबाद में बदले अधिकारी

प्रशासनिक फेरबदल के तहत वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी अब वाराणसी के नगर आयुक्त होंगे।

विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को भी यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी मिली है। वहां तैनात राजेश कुमार अब अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी होंगे।

इसके अलावा डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के DM की अदला-बदली

जिलाधिकारियों के स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर भेजा गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज का नया डीएम बनाया गया है।

मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

फतेहपुर, बिजनौर और श्रावस्ती में भी नई तैनाती

फतेहपुर के मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इस विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात जोगिंदर सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

बिजनौर के मौजूदा जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, पूनम निगम को फतेहपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिशिर कुमार सिंह अब श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी होंगे।

अलीगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद भेजा गया है। वहीं, फिरोजाबाद के मुख्य विकास अधिकारी शोहन वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

मंडलों और नगर निगमों में भी अधिकारियों के तबादले

सरकार ने मंडल स्तर पर भी नई तैनाती की है। बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त और प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है।

यमुना और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी फेरबदल

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी अधिकारियों की तैनाती में बदलाव हुआ है। यमुना प्राधिकरण से तीन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से तीन एसीईओ के तबादले किए गए हैं।

यमुना प्राधिकरण में संजय मीणा, कृष्ण कुमार सिंह और शत्रोहन वैश्य की तैनाती की गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्रवीण वर्मा और नूपुर गोयल को जिम्मेदारी दी गई है।

नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी का भी तबादला किया गया है। बरेली की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का एसीईओ बनाया गया है।

इसके अलावा यमुना प्राधिकरण से शैलेन्द्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह का भी तबादला किया गया है।