क्या बदलने वाला है T20 का कप्तान? सूर्या और श्रेयस पर सबकी निगाह

Authored By: News Corridors Desk | 18 Apr 2026, 03:56 PM
news-banner

दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग IPL का मौजूदा सत्र अब अपने मध्य में पहुँच रहा है। ऐसे में कुछ खिलाडि़यों और टीमों के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें लगी हैं। ऐसी ही दो टीमों में मुंबई इंडियन और पंजाब किंग्स तो खिलाड़ियों में सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर शामिल हैं। 

दरअसल आइपीएल के बाद भारतीय टीम को जून-जुलाई में इंग्लैंड और आयरलैंड के दौरे पर जाना है। इन दौरों के लिए चुनी वाली टीम में निश्चित रूप से आइपीएल के प्रदर्शन को भी ध्यान में रखा जाएगा और ऐसे में सूर्यकुमार यादव के लिए थोड़ी मुश्किलें पैदा हो सकती हैं। अगर सूर्यकुमार यादव का मौजूदा प्रदर्शन जारी रहा तो चयन समिति इंग्लैड और आयरलैंड दौरे के बाद कप्तान के रूप में किसी ओर को चुन सकती है।

सूर्यकुमार पर निगाहें

सूर्या का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी काफी समय से उतार चढ़ाव भरा रहा है। ऐसे में भारत को जल्द नया टी-20 कप्तान मिल सकता है। इस दौड़ में श्रेयस अय्यर फिलहाल काफी आगे दिख रहे हैं।

T20 सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने भले ही टी-20 विश्व कप का बचाव किया, लेकिन बल्लेबाज के रूप में उनका प्रदर्शन बेहद साधारण रहा है। आइपीएल के पांच मैचों में वह 16, 51, 6, 33 और 0 रन ही बना सके हैं।

सूर्यकुमार के लिए 2025 का साल बेहद खराब रहा

ये तो केवल आइपीएल के आंकड़े हैं। सूर्यकुमार के लिए 2025 का साल बेहद खराब रहा, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 120 से भी कम हो गया और वह एक भी अर्धशतक नहीं बना सके थे।

हालांकि, उन्होंने 2026 में अच्छा प्रदर्शन किया और 160 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए जिसमें चार अर्धशतक भी शामिल है। लेकिन टी-20 विश्व कप में अमेरिका के विरुद्ध पहले मैच को छोड़कर सूर्यकुमार का प्रदर्शन उल्लेखनीय नहीं रहा। 

गेंदबाजों ने कमजोरियां पकड़ीं 

एक समय था जब सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आते ही मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते थे । टीम को उनसे जीत की उम्मीद रहती थी। लेकिन हाल के समय में विरोधी गेंदबाजों ने उनकी बल्लेबाजी की कमजोरियों को ठीक से समझ लिया है।

कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के बाद से उनके प्रदर्शन में गिरावट साफ नजर आई है, जो टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन सकती है। ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या टीम को ऐसे कप्तान की जरूरत है जो बल्लेबाजी और नेतृत्व दोनों में संतुलन बना सके। इसी संदर्भ में श्रेयस अय्यर का नाम सबसे मजबूत विकल्प के रूप में उभरकर सामने आ रहा है। 

श्रेयस अय्यर की कामयाबी

कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में 2020 में दिल्ली कैपिटल्स आइपीएल फाइनल में पहुंची थी। उनकी कप्तानी में ही 2024 में कोलकाता नाइटराइडर्स ने तीसरी बार आइपीएल ट्राफी जीती। पिछले सीजन में उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स फाइनल तक पहुंची थी।

बल्लेबाजी की बात करें तो 2025 आइपीएल सीजन में उन्होंने 17 मैचों में 50 से ज्यादा की औसत से 604 रन बनाए। इसमें उनके नाम छह अर्धशतक रहे और क्वालीफायर दो में मुंबई इंडियंस के विरुद्ध उन्होंने नाबाद 87 रन की पारी खेली। मौजूदा सीजन में भी अय्यर का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है। वह कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में टीम को आगे ले जा रहे हैं।

पंजाब किंग्स  की सफलता

पंजाब किंग्स इस समय एकमात्र ऐसी टीम है, जिसका जीत प्रतिशत 100 है। अय्यर ने इस सत्र में पांच मैचों में करीब 68 की औसत से 203 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। इन आंकड़ों को देखते हुए यह साफ है कि अय्यर न केवल रन बना रहे हैं, बल्कि दबाव में टीम को संभालने की क्षमता भी दिखा रहे हैं।

अगर आने वाले मैचों में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन नहीं सुधरता और अय्यर इसी लय में बने रहते हैं, तो भारतीय टी-20 टीम में कप्तानी बदलाव लगभग तय माना जा सकता है। आने वाले महीनों में चयनकर्ताओं के फैसले पर सबकी नजरें रहेंगी, क्योंकि यह बदलाव भारतीय टीम के भविष्य की दिशा तय कर सकता है।