67 साल की हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Authored By: News Corridors Desk | 20 Jun 2025, 10:32 AM
news-banner

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 20 जून को 67 वर्ष की हो गई हैं। उनका जन्म 20 जून, 1958 को हुआ था। देशभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। राष्ट्रपति मुर्मू इस बार अपना जन्मदिन उत्तराखंड में मना रही हैं, जहां वह स्थानीय लोगों को एक खास तोहफा देने वाली हैं।

पीएम मोदी और मल्लिकार्जुन खरगे ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति को बधाई देते हुए लिखा,
"राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी राष्ट्रपति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा,
"भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। राष्ट्र की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति उनका समर्पण देश को सही दिशा में आगे बढ़ाता है। हम उनके दीर्घायु, स्वस्थ और पूर्ण जीवन की कामना करते हैं।"

उत्तराखंड में मनेगा जन्मदिन, मिलेगा खास तोहफा

राष्ट्रपति मुर्मू अपना 67वां जन्मदिन उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मना रही हैं। वे यहां राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में रुकी हुई हैं। जन्मदिन के अवसर पर वह एक आधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी, जो कि 132 एकड़ जमीन पर तैयार किया जाएगा। इस पहल को राज्य के लिए एक बड़ा उपहार माना जा रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने जन्मदिन की शुरुआत राजपुर रोड स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। यह परंपरा उन्होंने पिछले वर्ष भी निभाई थी, जब उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर दिन की शुरुआत की थी।

योग दिवस पर लेंगी हिस्सा, कई परियोजनाओं का होगा उद्घाटन

राष्ट्रपति 21 जून तक उत्तराखंड में रहेंगी। इस दौरान वह कई विकास परियोजनाओं की नींव रखेंगी और कुछ का उद्घाटन भी करेंगी। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वे देहरादून के पुलिस लाइन मैदान में होने वाले योग कार्यक्रम में भाग लेंगी।

राष्ट्रपति के तीन दिवसीय दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। पिछले दौरे के दौरान चोरी की एक घटना सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन इस बार अतिरिक्त सतर्क है। पूरे शहर में धारा 163 लागू कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है।

द्रौपदी मुर्मू भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा का उदाहरण है। वे हमेशा से ही गरीबों, महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों की आवाज़ रही हैं। उनके नेतृत्व में देश को सामाजिक न्याय और समावेशिता की दिशा में नई प्रेरणा मिल रही है।