'तोरे बाप को मैंने ही CM बनाया...' तेजस्वी यादव पर उखड़े नीतीश कुमार

Date: 2025-03-05
news-banner

बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। दोनों के बीच राज्य के बुनियादी ढांचे को लेकर बहस हो रही थी, जो ‘बाप’ तक पहुँच गयी। दरअसल, सीएम नीतीश कुमार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बात कर रहे थे, तभी तेजस्वी यादव ने कुछ टिप्पणी कर दी। इससे नीतीश कुमार भड़क गए और उन्होंने दावा कर दिया कि राजद सुप्रीमो लालू यादव को बिहार का सीएम उन्होंने ही बनाया था। नीतीश कुमार ने पुरानी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा याद है ना पहले क्या स्थिति थी। सीएम नीतीश ने यह भी कहा कि बिहार में पहले शाम के बाद कोई घर से नहीं निकलता था। अब रात के 11 बजे तक चाहे लड़का हो या लड़की या महिला ही क्यों न हो सब बाहर निकलते हैं क्योंकि हमने हर क्षेत्र में काम किया है। इस बात पर शोर होने लगा तो तेजस्वी यादव और तेजप्रताप की ओर इशारा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि ये सब बच्चे को क्या पता है, ये बच्चा है इसका तो तब जन्म भी नहीं हुआ था। तुम्हारी जाति के लोग भी मुझसे पूछ रहे थे कि मैं ऐसा क्यों कर रहा हूं, लेकिन मैंने फिर भी उन्हीं को बनाया। 


नीतीश क्यों हुए तेजस्वी पर आग बबूला?

नीतीश कुमार 1994 से 2005 तक के राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकाल का जिक्र कर रहे थे।  उसी दौरान तेजस्वी यादव ने उन्हें टोक दिया। तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि दुनिया तो 2005 के बाद बनी है।  ऐसा कहा जा रहा है कि 2005 से पहले बिहार में कुछ भी नहीं था। मौजूदा सरकार लोकतंत्र और संविधान को बर्बाद कर रही है। यह सच है और यह किसी से छिपा नहीं है। कुल मिलाकर नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव पर हमला बोलकर 90 के दशक की याद दिला दी। 1990 में जनता दल की जीत के बाद विधायक दल के नेता के चुनाव में लालू यादव ने बाजी मारकर मुख्यमंत्री पद हासिल किया था।  लेकिन, इस जीत में नीतीश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 

अब राज्य में डर एवं भय का वातावरण नहीं है- सीएम नीतीश कुमार

सीएम नीतीश ने कहा कि मीडिया वालों से पूछो, सड़क का हाल बुरा था। समाज में क्या हाल था। हिन्दु मुस्लिम का कितना झगड़ा होता था। पढ़ाई का हाल बुरा था इलाज का कोई इंतजाम नहीं था। सड़के भी बहुत कम थी उसे समय बिजली की स्थिति भी बहुत खराब थी उसके बाद जब हम लोग आए तो हम लोगों ने इन सब पर काम किया अब राज्य में किसी भी तरह का डर और खौफ का माहौल नहीं है। 


विपक्ष अंड-बंड बोल रहा था

विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 2024 और 2025 के बजट में लगातार बिहार को विशेष पैकेज दिया है। उस दौरान भी विपक्ष अंड-बंड बोल रहा था और अब सदन से ही भाग गया है। हम विपक्ष को भी धन्यवाद देते हैं। 


राज्य में चुनाव से पहले यह आखिरी बजट

गौरतलब है कि राज्य में चुनाव से पहले यह आखिरी बजट है। इस बजट के बहाने तेजस्वी यादव लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे हैं। बता दें कि बिहार सरकार ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 3.17 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो पिछले साल के 2.79 लाख करोड़ रुपये के आवंटन से 13.6 प्रतिशत ज़्यादा है। इसी बजट के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस हो रही थी।