बाल और त्वचा से छुड़ाना हो होली का रंग तो जरूर आजमाएं ये टिप्स

Date: 2025-03-11
news-banner

साल 2025 में  13 और 14 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा। रंगों के इस त्योहार का इंतजार लोग साल भर बेसब्री से करते हैं। होली में  लोग जमकर रंग और गुलाल से होली खेलने वाले हैं। होली खेलने में जितना आनंद आता है, होली के बाद उन रंगों को चेहरे और बालों से निकालना उतना ही मुश्किल काम होता है। कई जगह आज भी पक्के रंगों से ही होली खेली जाती है। वैसे आजकल तो बाजार में हर्बल रंग भी मिलते हैं, जिनके इस्तेमाल से त्वचा पर कोई असर नहीं होता, पर कई बार ये रंग भी त्वचा पर असर छोड़ जाते हैं। रंग छुड़ाने के लिए लोग तमाम तरह के नुस्खे अपनाते हैं। बहुत लोग तो अपनी त्वचा को इस कदर रगड़ लेते हैं, कि इससे स्किन पर कई तरह की परेशानियां भी होने लगती हैं। बार-बार मना करने के बाद अगर आपके दोस्तों ने भी आपको पक्के रंग लगा दिए हैं, तो फिक्र न करें। हम आपको रंग छुड़ाने का आसान तरीका बताने जा रहे हैं।  

त्वचा से होली के रंग छुड़ाने के उपाय

नारियल का तेल

होली का रंग छुड़ाने में नारियल का तेल काफी कारगर रहता है। इसके लिए आपको बस त्वचा पर पहले नारियल का तेल लगाना है। फिर उसके बाद हल्के हाथ से त्वचा की मसाज करनी है। जैसे-जैसे ये तेल त्वचा में समाएगा त्वचा से रंग के दाग धीरे-धीरे कम होने लगेंगे। नारियल के तेल के इस्तेमाल से आपकी त्वचा पर जलन भी नहीं होगी। 

एलोवेरा जेल

आज के समय में हर किसी के घर में एलोवेरा जेल तो होता ही है। ऐसे में रंग छुड़ाने के लिए आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आपको बस एलोवेरा जेल को अपनी पूरी त्वचा पर लगाना है। इसका इस्तेमाल आप बालों में भी कर सकते हैं। इससे होली का पक्का रंग आपकी त्वचा से हट जाएगा। 

ठंडा दूध और तेल  

त्वचा से होली के रंग छुड़ाने के लिए अपना क्लींजर बनाएं। इसके लिए, आधा कप ठंडा दूध लें और उसमें एक चम्मच कोई भी वनस्पति तेल, जैसे ‘‘तिल’’, जैतून या सूरजमुखी का तेल मिलाएं। अच्छी तरह से मिलाएं। इस मिश्रण में रुई डुबोएं और इससे स्किन को साफ करें। 


बालों से होली के रंग छुड़ाने के उपाय

सूखे रंगों को बालों से निकालने के लिए सबसे पहले अपने बाल सादे पानी से धोएं। फिर उंगलियों से बालों में हल्का हर्बल शैंपू लगाएं। स्कैल्प की धीरे से मालिश करें और पानी से अच्छी तरह धो लें। 


रीठा-आंवला-शिकाकाई से बाल धोएं

अपना आयुर्वेदिक शैम्पू बनाएं। एक लीटर पानी में एक मुट्ठी सूखा रीठा, आंवला और शिकाकाई मिलाएं और रात भर भिगो दें। अगले दिन, धीमी आग पर तब तक उबालें जब तक पानी आधा न रह जाए। ठंडा करके छान लें। फ्रिज में रख दें। इससे बाल धोएं।

कच्चा दूध

कच्चे दूध की मदद से आप बालों में चिपका होली का रंग निकाल सकते हैं। इसके लिए आपको एक बाउल में कच्चा दूध और थोड़ा सा ग्लिसरीन डालकर इसमें कोई भी माइल्ड शैंपू मिलाना है। अब इससे बालों को अच्छे से धोएं। एक-दो वॉश के बाद आपके बालों से होली का रंग अच्छी तरह से निकल जाएगा।

टी ट्री ऑयल

टी ट्री ऑयल में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो बालों से रंग हटाने में मदद कर सकते हैं। इसे नारियल तेल के साथ मिलाकर बालों में लगाएं, फिर धो लें।

आलू का रस

आलू का रस बालों से रंग हटाने में मददगार साबित हो सकता है। आलू को कद्दूकस करके उसका रस निकालें और इसे बालों पर लगाएं। 20 मिनट के बाद बालों को धो लें। यह तरीका प्राकृतिक रूप से रंग निकालने में मदद करता है।